नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (नीट) में हुई धांधली और पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर से शुरू हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आंदोलन अब पूरे देश में विकराल रूप धारण कर चुका है। केंद्र सरकार की ओर से शिक्षा सचिव को हटाने, NTA के 47 कर्मचारियों को बर्खास्त करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन जैसे बड़े फैसलों के बावजूद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बाद भी आंदोलनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े हैं। इस बीच देश के अलग-अलग हिस्सों से हिंसक प्रदर्शन, गिरफ्तारी और कड़े सियासी बयानों की खबरें आ रही हैं।
1. बिहार में AISA का बंद का आह्वान, विधायक संदीप सौरभ गिरफ्तार
NEET धांधली के विरोध में छात्र संगठन आइसा (AISA) ने आज पूरे बिहार में बंद का आह्वान किया है। वहीं, बीती रात बिहार पुलिस ने माले (CPI-ML) विधायक संदीप सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का आरोप है कि विधायक प्रदर्शन की आड़ में हिंसा भड़काने और उपद्रव फैलाने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद राज्य में राजनीतिक और प्रशासनिक तनाव काफी बढ़ गया है।
2. राहुल गांधी का तीखा हमला: ‘सब कुछ बंद कर दिया, बस पेपर लीक बंद नहीं कर पाए’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर हो रही कार्रवाई और मेट्रो व इंटरनेट बंद किए जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा— “मेट्रो बंद करो, रास्ते बंद करो, दुकानें बंद करो, इंटरनेट बंद करो, खाना बंद करो… अपना हक मांग रहे छात्रों के खिलाफ सरकार ने ये क्रूर कदम उठाए। बस एक चीज बंद नहीं कर पाए, मोदी जी – पेपर लीक।” इससे पहले राहुल गांधी ने प्रेsaved प्रेस कॉन्फ्रेंस में पैलेट गन से घायल हुए एक प्रदर्शनकारी को मीडिया के सामने पेश कर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे।
3. कोलकाता में हिंसक झड़प, पत्रकारों पर हमले के बाद 6 एफआईआर दर्ज
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में NEET विरोध रैली के दौरान जबरदस्त हिंसा देखने को मिली। उपद्रवियों ने कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों को भी निशाना बनाया, जिसमें कई पत्रकार घायल हो गए। कोलकाता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 6 एफआईआर (FIR) दर्ज की हैं, जिनमें से 5 एफआईआर मीडिया पर हमले और 1 सुओ मोटो (खुद संज्ञान लेते हुए) दर्ज की गई है। ममता बनर्जी ने आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
4. जंतर-मंतर पर डिलीवरी ऐप बैन की अफवाह पर दिल्ली पुलिस की सफाई
जंतर-मंतर के आसपास नई दिल्ली इलाके में फूड डिलीवरी एग्रीगेटर्स (Food Delivery Apps) पर बैन लगाए जाने की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थीं। दिल्ली पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह से खारिज और बेबुनियाद बताया है। दिल्ली पुलिस ने पोस्ट कर स्पष्ट किया कि इलाके में डिलीवरी सेवाओं पर कोई रोक नहीं है और नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी असत्यापित या गुमराह करने वाली अफवाह पर भरोसा न करें।
5. भारी गर्मी और उमस के बीच जंतर-मंतर पर डटे छात्र
भीषण गर्मी और उमस के बावजूद जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन निर्बाध रूप से जारी है। सुबह सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं हाथ में बैनर-पोस्टर के साथ कागजों और कार्टूनों के पंखे बनाकर खुद को झेलते नजर आए। छात्रों का कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री का इस्तीफा और परीक्षा में पूर्ण पारदर्शिता की गारंटी नहीं मिलती, वे पीछे नहीं हटेंगे।












