मीरजापुर: जिले के पड़री थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे मिले किन्नर हसीना (सत्तार खान) के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. संबंध तोड़ने और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक ऑटो चालक ने अपने ही साथी की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी थी. पड़री थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद कर लिया है.
रामनगर बुलाकर पिलाई शराब, फिर गला दबाकर ले ली जान
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी सोनू विश्वकर्मा (निवासी- ग्राम चक जीवरानी, कोतवाली भदोही) ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि वह सत्तार खान उर्फ हसीना के साथ रहते-रहते पूरी तरह से ऊब चुका था और उससे अलग होना चाहता था. लेकिन मृतक हसीना उसे छोड़ने को तैयार नहीं था और लगातार ब्लैकमेल कर रहा था.
इससे आजिज आकर आरोपी ने उससे पीछा छुड़ाने की खतरनाक साजिश रची. उसने हसीना को रामनगर बुलाया और अत्यधिक शराब पिलाई. जब वह पूरी तरह नशे की हालत में आ गया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
वारदात को दुर्घटना साबित करने के लिए सिर पर रखा भारी पत्थर
हत्या के बाद आरोपी सोनू ने शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने ऑटो (संख्या UP 65QT 2228) में लादा और पड़री क्षेत्र में एक सुनसान रेलवे ट्रैक के पास ले गया. वहां सीमेंट की बाउंड्री के पीछे शव को छिपा दिया. शातिर दिमाग आरोपी ने घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए मृतक के गले और सिर पर एक भारी पत्थर रख दिया, ताकि देखने वालों को लगे कि किसी भारी पत्थर के गिरने से उसकी मौत हुई है.
बेटे की आशंका पर दर्ज हुआ था मामला, 24 घंटे में खुलासा
घटना के संदर्भ में मृतक के बेटे अरशलान (निवासी- घोसिया, थाना औराई, भदोही) ने 23 जुलाई को पड़री थाने में नामजद तहरीर दी थी. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 206/2026, धारा 103(1) और 238(बी) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत कर तफ्तीश शुरू की थी.
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी नगर और सीओ सदर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया था. इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार, 24 जुलाई को मुखबिर की सटीक सूचना पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह (पड़री थाना) और निरीक्षक राजीव कुमार सिंह (प्रभारी एसओजी/सर्विलांस) की संयुक्त टीम ने आरोपी सोनू विश्वकर्मा को धर दबोचा. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.









