
कानपुर में एक बार फिर रिश्तों के दर्दनाक अंत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बर्रा थाना क्षेत्र के बर्रा-7 इलाके में एक नवविवाहित दंपति के शव संदिग्ध परिस्थितियों में किराये के कमरे से बरामद हुए हैं। कमरे का नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया, जहां पति फांसी के फंदे पर लटक रहा था, तो वहीं पत्नी की लाश फर्श पर पड़ी हुई थी। महज पांच महीने पहले प्रेम विवाह रचाकर अपनी नई दुनिया बसाने वाले इस जोड़े के अचानक इस तरह चले जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
चार दिन पहले ही लिया था किराये का मकान
मृतकों की पहचान सचेण्डी थाना क्षेत्र के मूल निवासी सौरभ सविता (36) और उनकी पत्नी रानी सविता (30) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों ने चार दिन पहले ही बर्रा-7 स्थित अंकिला लाल सिंह यादव के मकान में एक कमरा किराये पर लिया था। शादी के बाद से ही दंपति दिल्ली में रह रहे थे और हाल ही में कानपुर वापस लौटे थे। नए आशियाने में कदम रखने के महज चार दिन भीतर ही घटी इस खौफनाक वारदात ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खिड़की से झांका तो उड़े होश
घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान में दो दिनों से कोई हलचल दिखाई नहीं दी। संदेह होने पर जब एक अन्य किरायेदार ने कमरे की खिड़की से भीतर झांककर देखा, तो उसके होश उड़ गए। अंदर सौरभ फंदे से झूल रहा था और रानी बेसुध हालत में फर्श पर पड़ी हुई थी। अनहोनी की आशंका के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने इस पूरी घटना को संदिग्ध बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने दंपति के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। कॉल डिटेल, वाट्सएप चैट और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है ताकि घटना से ठीक पहले के घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति फांसी के फंदे से लटका मिला है और पत्नी का शव कमरे में पड़ा हुआ था। परिजनों द्वारा उठाए गए तमाम सवालों और आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और मोबाइल फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। जांच पूरी होने पर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।








