सरसौल (कानपुर)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बेहद दुखद और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। नरवल थाना क्षेत्र के पाली खुर्द गांव में रविवार शाम एक 24 वर्षीय गर्भवती महिला ने घर के भीतर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक हादसे में न केवल एक मां की जान चली गई, बल्कि उसकी कोख में पल रहे मासूम की भी इस दुनिया में आने से पहले ही सांसें थम गईं। घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।
3 साल के मासूम के सिर से उठा मां का साया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रूमा निवासी राजाराम कोरी की 24 वर्षीय पुत्री साधना की शादी करीब चार साल पहले पाली खुर्द गांव के निवासी ओमप्रकाश (पुत्र संतोष कुमार) के साथ हुई थी। ओमप्रकाश पेशे से मजदूर है और मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता है। दोनों का एक तीन साल का मासूम बेटा भी है। साधना दोबारा गर्भवती थी, लेकिन इस आत्मघाती कदम से तीन साल के मासूम के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।
सूने घर में उठाया खौफनाक कदम
रविवार शाम करीब चार बजे ओमप्रकाश की मां मुन्नी देवी किसी काम से घर से बाहर गई थीं, वहीं पति ओमप्रकाश भी गांव में किसी काम से निकला हुआ था। घर में किसी सदस्य के न होने का फायदा उठाकर साधना ने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा बनाया और उस पर झूल गई। कुछ देर बाद जब पति ओमप्रकाश घर लौटा तो साधना को फंदे से लटकता देख उसके होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, पति हिरासत में
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरवल अनिल सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने मृतका के पति ओमप्रकाश को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
मायके में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
बेटी की मौत की खबर मिलते ही साधना के मायके वाले भी रोते-बिलखते पाली खुर्द गांव पहुंचे। थाना प्रभारी अनिल सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









