मुंबई। ‘कसम तेरे प्यार की’ और ‘ये जादू है जिन का!’ जैसे चर्चित टीवी शो से घर-घर में पहचान बनाने वाली मशहूर अभिनेत्री अदिति शर्मा अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। अदिति शर्मा ने मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक के खिलाफ घरेलू हिंसा (Domestic Violence) और शारीरिक-मानसिक उत्पीड़न की गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है।
शादी के दो-तीन दिन बाद ही बदलने लगा पति का व्यवहार
पुलिस को दी गई शिकायत में अदिति शर्मा ने बताया कि उनकी मुलाकात अभिनीत से जून 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान हुई थी। काफी समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने नवंबर 2024 में शादी कर ली थी। हालांकि, शादी के महज दो से तीन दिनों बाद ही उनके पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। पति उनके पहनावे पर आपत्ति जताने लगा, घर के खर्चों में सहयोग देने की बजाय पैसे ऐंठने लगा और छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगा।
चरित्र पर शक, मोबाइल चेकिंग और अलग कमरे में सोने का आरोप
अदिति ने आरोप लगाया कि 1 जनवरी 2025 को कॉफी पीने के दौरान हुई एक सामान्य बहस गाली-गलौज में बदल गई। इसके बाद उनके पति को चरित्र पर बेवजह शक होने लगा और उन पर अफेयर के झूठे आरोप लगाए गए। पति द्वारा लगातार उनका मोबाइल फोन चेक किया जाने लगा, उन्हें माता-पिता से बात करने से रोका गया और अलग कमरे में सोने के लिए मजबूर किया गया।
सास ने हड़पा स्त्रीधन, ननद पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
अपनी सास उर्मिला कौशिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए अभिनेत्री ने कहा कि उनके शादी के सभी गहने—जिनमें सोने की चेन, हीरे की अंगूठी, मंगलसूत्र और सोने की चूड़ियां शामिल हैं—सास ने अपने कब्जे में रख लिए। बार-बार मांगने के बावजूद उन्हें उनका स्त्रीधन वापस नहीं लौटाया गया। जब सास और ननद कीर्ति कौशिक विवाद सुलझाने के बहाने घर आईं, तो उन्होंने निष्पक्ष रुख अपनाने के बजाय पति का साथ दिया और अदिति को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
गोरेगांव पुलिस ने जांच की शुरू
31 जुलाई को गोरेगांव पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पूछताछ के लिए समन भेजा जाएगा।














