मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जैत कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत धोरेरा (धरौरा) के जंगल में आगरा-दिल्ली राजमार्ग के पास एक फिजियोथेरेपी छात्र का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक छात्र के शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को जंगल में फेंका गया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
इंस्टाग्राम पर मैसेज कर बुलाया, दोपहर में मिली हत्या की खबर
पुलिस की शुरुआती जांच और पहचान की कार्रवाई में मृतक की पहचान विपिन (निवासी नीमगांव, थाना हाईवे, जनपद मथुरा) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विपिन सुबह अपने घर से दोस्त के यहां जाने की बात कहकर निकला था। जांच में यह भी सामने आया है कि विपिन को इंस्टाग्राम पर एक मैसेज भेजकर बुलाया गया था। इसके बाद दोपहर को परिजनों को सूचना मिली कि उसका शव धोरेरा के जंगल में मिला है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने दी अज्ञात के खिलाफ तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
वारदात की सूचना पर पुलिस कंट्रोल रूम की टीम और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। परिजनों की ओर से कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। सर्विलांस और फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं, ताकि इंस्टाग्राम चैट और कॉल डिटेल्स के जरिए आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
सीओ सदर का बयान: ‘शरीर पर मिले चोट के निशान, होगी वैधानिक कार्रवाई’
मामले की जानकारी देते हुए सीओ सदर वरुण कुमार ने बताया कि जैत कोतवाली क्षेत्र के धरौरा जंगल में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान नीमगांव निवासी विपिन के रूप में हुई है, जो फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रहा था। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










