Bhopal : मुलताई में भीषण सड़क हादसा, ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, पति-पत्नी समेत 3 की मौत, 9 घायल

 

Bhopal : बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुलताई के पास शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत नौ लोग घायल हो गए।

कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु

पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बूटीबोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले थे। सभी श्रद्धालु कार क्रमांक एमएच 49 सी 4756 से सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और तेज रफ्तार कार सीधे ट्रक के पीछे जा टकराई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पति-पत्नी समेत तीन की मौत

हादसे में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया की पहचान हो गई है। हादसे में एक अन्य महिला की भी मौत हुई है, जिसकी फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई अस्पताल भेज दिया है।

9 घायल, छह को नागपुर किया रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया।

घायलों में नैतिक पिता उपेंद्र गांधीवार (10), उज्ज्वला पति मोहन (45), नीता पिता अनिल (25), अनुष्का पिता उपेंद्र (18), संगीता एकनाथ, शंभु, नंदन, प्रज्ज्वल पिता दीपक और सौरभ पिता नंदकिशोर (20) शामिल हैं।

टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।

टक्कर में कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया था। कार की आगे की सीट पीछे की ओर खिसक गई, जबकि छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha