
बाराबंकी। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसौली थाना क्षेत्र के बिरौली में तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने ऑल्टो कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, ऑल्टो कार सवार लोग मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बिरौली के पास सड़क किनारे रुककर किसी से रास्ते की जानकारी ले रहे थे। इसके बाद वे कार को बहराइच की ओर मोड़ रहे थे। इसी दौरान लखनऊ की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे मौरंग लदे डंपर ने ऑल्टो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार थे। हादसे में एक किशोर समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल है। घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद लखनऊ-बहराइच हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर एआरटीओ अमिताभ राय भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों और घायल बच्ची की पहचान के प्रयास जारी हैं।












