नेपाल-तिब्बत सीमा पर कुदरत का कहर: 300 भारतीयों समेत 1500 लोग लापता….हिमस्खलन के बाद आई भीषण बाढ़ में 165 की मौत

नेपाल और तिब्बत के सीमावर्ती इलाकों में अचानक आई भयानक प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। भोटे कोशी नदी की सहायक नदी में हिमस्खलन के कारण बाढ़ आने से अब तक 165 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं नेपाल के विदेश मंत्री शिसिर खनाल के अनुसार, इस त्रासदी के बाद से लगभग 1,500 लोग लापता हैं, जिनमें करीब 300 भारतीय नागरिक और 800 से अधिक अन्य विदेशी शामिल हैं।

हिमस्खलन से रुका नदी का रास्ता, रसुवागढ़ी और तिमुरे में भारी तबाही

आपदा की मुख्य वजह बुधवार को लेंडे नदी (भोटे कोशी की सहायक नदी) के बहाव में हिमस्खलन के कारण आया अवरोध बना। पानी का दबाव अचानक अत्यधिक बढ़ने से बांध जैसा बना हिस्सा टूटा और तेज गति से नेपाल के तीन जिलों में पानी भर गया। बाढ़ का सबसे पहला और भीषण असर चीन सीमा के पास स्थित तिमुरे और रसुवागढ़ी क्षेत्रों में देखा गया, जहां दर्जनों मकान, सड़कें और जलविद्युत परियोजनाएं ताश के पत्तों की तरह बह गईं।

नेपाल और तिब्बत दोनों ओर जारी है बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन

नेपाल पुलिस प्रवक्ता अबी नारायण काफले ने चेतावनी दी है कि मलबे में तलाश बढ़ने के साथ मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। उधर, चीनी मीडिया के मुताबिक तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी में भी 558 लोग लापता हैं, जिनमें 260 विदेशी नागरिक शामिल हैं। फिलहाल नेपाली सेना और स्थानीय प्रशासन हेलीकॉप्टरों की मदद से दुर्गम इलाकों में फंसे लोगों को निकालने और राहत सामग्री पहुंचाने का काम युद्धस्तर पर कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha