अल्जीयर्स। अल्जीरिया के पूर्वोत्तर इलाकों में भीषण जंगल की आग से भारी तबाही हुई है। प्रशासन के मुताबिक, आग की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलसने और धुएं के कारण प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा मौतें जिजेल, बेजाया और तिजी ओउजौ प्रांतों में हुई हैं।
राष्ट्रपति अब्देलमजीद तेब्बौने के निर्देश पर गृह मंत्री सईद सयूद ने प्रभावित बेजाया और जिजेल प्रांतों का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और राहत-बचाव व आग बुझाने के अभियान की समीक्षा की।
159 जगहों पर आग, कई इलाकों में अभियान जारी
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को देशभर में 159 जगहों पर जंगल की आग की घटनाएं सामने आईं। अकेले बेजाया में 36 स्थानों पर आग लगी, जिनमें से 18 पर काबू पा लिया गया है, जबकि बाकी जगहों पर अभियान जारी है। जिजेल की 12 नगरपालिकाओं में भी आग बुझाने के लिए टीमें तैनात हैं।
प्रशासन ने बताया कि स्किक्दा, एल तारफ, बुइरा, तिजी ओउजौ और तेबेस्सा समेत कई प्रांतों में लगी आग को नियंत्रित कर लिया गया है। प्रभावित इलाकों से कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
भीषण गर्मी से बढ़ा आग का खतरा
अल्जीरिया और पड़ोसी ट्यूनीशिया में इस समय भीषण हीटवेव चल रही है। अत्यधिक तापमान, सूखे और तेज हवाओं के कारण जंगल की आग तेजी से फैलने का खतरा बढ़ गया है। भूमध्यसागरीय तटीय इलाकों में गर्मियों के दौरान जंगलों में आग लगने की घटनाएं आम हैं, लेकिन इस बार कई इलाकों में स्थिति गंभीर बनी हुई है।














