
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खत्म होने के बाद सूर्यकुमार यादव और कुलदीप यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कुलदीप यादव भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने के बाद उनके कंधे को हल्का सा धक्का देते हुए बिना नजर मिलाए वहां से जाते दिखाई दिए थे। इस दौरान सूर्यकुमार भी कुछ हैरान नजर आए थे।
वीडियो सामने आने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच किसी तरह के विवाद की अटकलें लगने लगी थीं। अब सूर्यकुमार यादव ने इस पूरे घटनाक्रम पर खुलकर बात की है और बताया है कि आखिर मैच के दौरान और उसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच क्या हुआ था।
गेंदबाजी नहीं मिलने से निराश थे कुलदीप
सूर्यकुमार यादव के मुताबिक, पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के दौरान कुलदीप यादव पहले से ही काफी निराश थे। वह गेंदबाजी करना चाहते थे, लेकिन उन्हें गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिल पा रहा था।
आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान सूर्यकुमार ने बताया, “मैच शुरू हो गया था, वो काफी निराश थे और बॉलिंग करना चाहते थे। मैंने अक्षर पटेल का स्पेल पूरा करवा दिया, वरुण चक्रवर्ती, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने बॉलिंग की। वो सोच रहे थे कि, ‘मेरी बॉलिंग क्यों नहीं आ रही है?’”
आसान कैच छूटने पर भड़का गुस्सा
सूर्यकुमार ने बताया कि कुलदीप जब लॉन्ग-ऑन पर फील्डिंग कर रहे थे, तभी उनकी ओर एक आसान कैच आया। कुलदीप उस कैच को पकड़ नहीं सके। सूर्यकुमार के मुताबिक, उन्हें इस बात पर गुस्सा आया कि कैच लेने के लिए कुलदीप ने पूरी कोशिश नहीं की।
उन्होंने कहा, “जब कुलदीप लॉन्ग-ऑन पर फील्डिंग कर रहे थे, तब एक कैच उठा और वह एक आसान कैच था, जिसे उन्होंने ड्रॉप कर दिया। मुझे उस क्षण बहुत गुस्सा आया। अगर प्रयास करते वक्त कैच छूट रहा है तो कोई बात नहीं, लेकिन उन्होंने कोशिश ही नहीं की।”
इस घटना के बाद हार्दिक पांड्या ने भी कुलदीप यादव पर नाराजगी जताई थी।
मैच के बाद दिखी दोनों की नाराजगी
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला जीत लिया था। मैच समाप्त होने के बाद खिलाड़ी एक-दूसरे से मिल रहे थे। इसी दौरान कुलदीप और सूर्यकुमार के बीच हुई मुलाकात का वीडियो कैमरे में कैद हो गया।
वीडियो में कुलदीप सूर्यकुमार से हाथ मिलाते हैं, लेकिन उनकी तरफ देखे बिना आगे बढ़ जाते हैं। इस दौरान उन्होंने सूर्यकुमार के कंधे को हल्का सा धक्का भी दिया था। सूर्यकुमार ने बताया कि उस समय दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे से नाराज थे और उनकी नजरों में गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था।
सूर्यकुमार बोले- कोई गंभीर विवाद नहीं था
सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दोनों खिलाड़ियों के चेहरे पर गुस्सा जरूर नजर आ रहा था, लेकिन यह कोई गंभीर विवाद नहीं था। मैदान पर हुई घटनाओं और उस समय की भावनाओं की वजह से दोनों के बीच नाराजगी थी।
उन्होंने बताया कि अहमदाबाद पहुंचने के बाद उन्हें इसी घटना को लेकर एक रील बनाने का विचार आया। इसके बाद सूर्यकुमार की बनाई रील भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई।
इस तरह भारत-पाकिस्तान मैच के बाद सामने आए वीडियो को लेकर चल रही अटकलों पर सूर्यकुमार यादव ने खुद स्थिति स्पष्ट कर दी है। उनके मुताबिक, दोनों के बीच कोई बड़ा विवाद नहीं था, बल्कि मैच के दौरान हुई घटनाओं के कारण उस समय दोनों खिलाड़ियों के बीच नाराजगी ज














