
West Bengal : पश्चिम बंगाल सरकार ने आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान और प्रशासन को जनता के और करीब लाने के लिए ‘जनता दरबार’ व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला किया है। अब राज्य में फील्ड लेवल के अधिकारी सप्ताह में दो दिन सीधे लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके लिए हर मंगलवार और गुरुवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक संबंधित सरकारी कार्यालयों में ‘जनता दरबार’ आयोजित किया जाएगा।
सरकार ने अधिकारियों को इस व्यवस्था को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तर से लेकर स्थानीय प्रशासन तक के अधिकारियों को निर्धारित समय में जनता के बीच उपलब्ध रहना होगा। इस दौरान किसी अन्य बैठक या आधिकारिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा, ताकि अधिकारी लोगों की शिकायतों पर पूरा ध्यान दे सकें।
DM से लेकर BDO और पुलिस अधिकारी रहेंगे उपलब्ध
सरकार के निर्देश के मुताबिक, जिला मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त, एसडीओ, बीडीओ, पुलिस अधिकारी और अन्य जमीनी स्तर के अधिकारियों को जनता दरबार के दौरान उपलब्ध रहना होगा।
लोग सीधे अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत और समस्या रख सकेंगे। इससे खासतौर पर उन लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें ऑनलाइन माध्यम या डिजिटल ऐप के जरिए शिकायत दर्ज करने में परेशानी होती है।
कार्रवाई की जानकारी ‘आपनार सरकार आपनार पाशे’ पोर्टल पर होगी दर्ज
जनता दरबार में मिलने वाली शिकायतों और उनके समाधान के लिए की गई कार्रवाई का विवरण ‘आपनार सरकार आपनार पाशे’ पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। अधिकारियों को शिकायत सुनने के बाद उस पर की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी पोर्टल पर अपडेट करनी होगी।
इस व्यवस्था की निगरानी कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग करेगा। इससे शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया को रिकॉर्ड में रखने और उसकी निगरानी करने में मदद मिलेगी।
दफ्तरों के बाहर लगाई जाएगी अधिकारियों की जानकारी
जनता दरबार में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों के बैठने का दिन और समय सार्वजनिक किया जाएगा। संबंधित सरकारी कार्यालयों के बाहर और आधिकारिक वेबसाइट पर अधिकारियों के नाम, जनता दरबार का समय, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे।
इससे लोगों को अपनी समस्या लेकर सही अधिकारी तक पहुंचने में आसानी होगी।
डिजिटल माध्यम से दूर लोगों को भी मिलेगा फायदा
सरकार का मानना है कि यह व्यवस्था उन लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी, जो ऑनलाइन शिकायत प्रणाली या डिजिटल ऐप का इस्तेमाल करने में सहज नहीं हैं। ऐसे लोग अब निर्धारित दिन और समय पर सरकारी कार्यालय पहुंचकर सीधे अधिकारियों से बातचीत कर सकेंगे।
प्रशासनिक स्तर पर माना जा रहा है कि आम लोगों और अधिकारियों के बीच सीधे संवाद से लंबे समय से लंबित शिकायतों के समाधान में भी मदद मिल सकती है।
‘आपनार सरकार आपनार पाशे’ पहल का विस्तार
‘आपनार सरकार आपनार पाशे’ को पश्चिम बंगाल में सार्वजनिक शिकायतों के निवारण की प्रमुख पहल के तौर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने और सरकार तथा आम नागरिक के बीच की दूरी कम करना है।
इस पहल के तहत आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने का अवसर मिलता है। अब फील्ड लेवल के अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन जनता दरबार में उपलब्ध कराने से इस व्यवस्था का दायरा और बढ़ने की उम्मीद है।













