भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर अपने बल्ले के धमाके और निजी जिंदगी की खबरों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच छा गए हैं। मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश करने वाले अभिषेक की तूफानी बल्लेबाजी के साथ-साथ अब उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर भी गॉसिप का बाजार गर्म है। शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 के पहले ही मुकाबले में तहलका मचाने वाले अभिषेक शर्मा की एक कथित गर्लफ्रेंड लैला फैसल के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रही हैं। आईपीएल 2025 के दौरान शुरू हुई यह चर्चा अब एक बार फिर नए मोड़ पर पहुंच गई है।
296 के स्ट्राइक रेट से बरसे रन, 26 गेंदों में ठोके 77 रन
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के उद्घाटन मुकाबले में अमृतसर सुरमा की ओर से खेलते हुए अभिषेक शर्मा ने मोहाली किंग्स के गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाईं। क्रीज पर उतरते ही उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया और महज 26 गेंदों का सामना करते हुए 77 रनों की आतिशी पारी खेल डाली। अपनी इस धाकड़ पारी के दौरान अभिषेक ने 6 शानदार चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े। 296.15 के हैरतअंगेज स्ट्राइक रेट से रन बनाने के बावजूद उनकी टीम 258 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भी मुकाबला नहीं जीत सकी। लेकिन मैदान पर उनके इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह मौजूदा समय के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं।
कौन हैं लैला फैसल? सोशल मीडिया पर क्यों तेज हुईं रिश्ते की चर्चाएं
अभिषेक की इस तूफानी पारी के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लैला फैसल की तस्वीरें वायरल होने लगीं। लैला का नाम पिछले कुछ समय से लगातार भारतीय क्रिकेटर के साथ जोड़ा जा रहा है। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी अब तक अपने रिश्ते पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और न ही इसकी पुष्टि की है। इसके बावजूद सार्वजनिक मौकों पर दोनों की मौजूदगी और वायरल होती तस्वीरों ने फैंस के बीच डेटिंग की खबरों को हवा दे दी है।
आईपीएल मैचों से लेकर पारिवारिक कार्यक्रमों तक दिखी मौजूदगी
लैला फैसल और अभिषेक शर्मा के रिश्ते की गॉसिप सिर्फ एक इत्तेफाक नहीं मानी जा रही है। आईपीएल 2025 के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद के कई अहम मुकाबलों में लैला को स्टेडियम के वीआईपी बॉक्स में देखा गया था। सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात यह थी कि वह स्टैंड्स में अभिषेक की बहन कोमल शर्मा के साथ बैठकर मैच का लुत्फ उठा रही थीं।
रिश्ते की इन अटकलों को और ज्यादा बल तब मिला जब अभिषेक की बहन कोमल की शादी के फंक्शन में भी लैला फैसल नजर आईं। शादी समारोह के दौरान उनके वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हुए थे। पारिवारिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी को देखते हुए फैंस कयास लगा रहे हैं कि दोनों के बीच दोस्ती से बढ़कर भी कुछ खास रिश्ता है।














