UP : 15 PAC वाहिनी व पुलिस लाइन में होगी होमगार्ड भर्ती की पीईटी, 41424 पदों के लिए 8 सितंबर से होगा आयोजन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन 8 सितंबर 2026 से शुरू होगा। परीक्षा प्रदेश के 15 केंद्रों पर कराई जाएगी। इनमें 14 पीएसी वाहिनियां और एक पुलिस लाइन शामिल हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

यह पहली बार है जब होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा। दौड़ के समय में किसी तरह की गड़बड़ी या मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाइश न रहे, इसके लिए मैनुअल टाइमिंग की अनुमति नहीं होगी।

पुरुषों को 4.8 KM, महिलाओं को 2.4 KM दौड़ना होगा

PET में पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट में पूरी करनी होगी। वहीं, महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी होगी। निर्धारित समय के भीतर दौड़ पूरी नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थी उसी चरण में भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे।

समिति की निगरानी में होगी परीक्षा

शारीरिक दक्षता परीक्षा बोर्ड द्वारा गठित समिति की निगरानी में कराई जाएगी। समिति में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नामित एसडीएम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा नामित चिकित्साधिकारी और पुलिस कमिश्नर, एसएसपी या एसपी द्वारा नामित डिप्टी एसपी शामिल होंगे।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम, पर्याप्त बैकअप और बायोमेट्रिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता को रोकने के लिए पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी।

सफल-असफल अभ्यर्थियों की सूची मौके पर होगी जारी

PET में सफल और असफल अभ्यर्थियों की सूची समिति के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी की जाएगी। प्रत्येक दिन परीक्षा समाप्त होने के बाद परिणाम संबंधित केंद्र के सूचना पट पर प्रदर्शित किया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को उसी दिन अपने प्रदर्शन और परिणाम की जानकारी मिल सकेगी।

परीक्षा केंद्र पर ये दस्तावेज ले जाना जरूरी

अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र और वैध मूल पहचान पत्र साथ लाना होगा। इसके अलावा ई-आधार या मूल आधार कार्ड, पासपोर्ट अथवा ड्राइविंग लाइसेंस में से मान्य पहचान पत्र भी साथ रखना होगा।

होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली यह शारीरिक दक्षता परीक्षा भर्ती प्रक्रिया का अहम चरण है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय और जरूरी दस्तावेजों के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha