कानपुर में फिर उफनाई गंगा: चेतावनी निशान से 41 सेमी ऊपर बह रहा पानी, तटीय इलाकों में अलर्ट जारी

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। मंगलवार को कानपुर बैराज पर अपस्ट्रीम में गंगा का जलस्तर 114.410 मीटर दर्ज किया गया, जो कि चेतावनी के निशान (114 मीटर) से 41 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान (115 मीटर) से 59 सेंटीमीटर नीचे बना हुआ है।

बैराज से छोड़ा गया 3.82 लाख क्यूसेक पानी

सोमवार की तुलना में मंगलवार को गंगा के जलस्तर में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बैराज के अपस्ट्रीम के साथ-साथ डाउनस्ट्रीम में भी जलस्तर बढ़कर 114.090 मीटर तक पहुंच गया। पहाड़ों और ऊपरी इलाकों में हो रही बारिश के चलते कानपुर बैराज से गंगा में पानी का डिस्चार्ज बढ़ाकर 3,82,701 (3.82 लाख) क्यूसेक कर दिया गया है।

शुक्लागंज में भी बढ़ा पानी, हरिद्वार-नरोरा से लगातार आ रहा डिस्चार्ज

कानपुर के पड़ोसी क्षेत्र शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर बढ़कर 112.820 मीटर पर पहुंच गया है, जहां चेतावनी का स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर तय है। ऊपरी जलस्रोतों की बात करें तो हरिद्वार बैराज से 1,12,979 क्यूसेक और नरोरा बैराज से 1,05,633 क्यूसेक पानी गंगा में लगातार छोड़ा जा रहा है। इसी कारण निचले और तटीय इलाकों में जलस्तर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर, निगरानी तेज

गंगा के बढ़ते रौद्र रूप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तटीय और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने, राहत शिविरों की तैयारियां पूरी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे तैयार रहने के कड़े निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha