खुदकुशी या हादसा? कौशाम्बी महिला थाने में खौफनाक वारदात: ड्यूटी के दौरान सिपाही प्रियंका यादव की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत

कौशाम्बी । उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित महिला थाना परिसर में तैनात 2025 बैच की महिला सिपाही प्रियंका यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मूल रूप से गाजीपुर जिले की रहने वाली प्रियंका यादव की सरकारी राइफल से चली गोली उनके गले को चीरते हुए सिर के पार निकल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहारे पर तैनात थीं प्रियंका, अचानक चली सरकारी बंदूक से गोली

घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि महिला सिपाही प्रियंका यादव थाना परिसर में पहरा ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान अचानक उनकी सरकारी राइफल से जोरदार धमाके के साथ गोली चल गई। गोली लगते ही प्रियंका खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भागकर मौके पर पहुंचे और लहूलुहान अवस्था में प्रियंका को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में, परिजनों को दी गई सूचना

हादसे की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ प्रजापत, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह और क्षेत्राधिकारी मंझनपुर समेत आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों को गाजीपुर सूचना भेज दी गई है। पुलिस हर उस पहलू की बारिकी से पड़ताल कर रही है कि आखिर यह हादसा था या फिर इसके पीछे कोई और गंभीर वजह है।

पार्टी के दौरान हादसा या आत्महत्या? एसपी ने कही यह बात

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ प्रजापत ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से ठीक पहले प्रियंका किसी बात की पार्टी दे रही थीं, तभी अचानक उनकी बंदूक से गोली चल गई। हालांकि, गोली किन परिस्थितियों में चली, यह दुर्घटनावश हुआ या कोई साजिश है, इसका सटीक पता फॉरेंसिक रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha