
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या के पीछे किसी बड़े षड्यंत्र का अंदेशा जताया जा रहा है। वाराणसी नगर निगम ने आरोप लगाया है कि शहर की मुख्य सीवर लाइनों को जानबूझकर जाम किया जा रहा है। शिवाला, सरायनंदन और नगवा समेत आधा दर्जन से अधिक वार्डों की सीवर लाइनों में बालू से भरी बोरियां, भारी पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक की सामग्रियां बरामद हुई हैं।
सफाई के दौरान निकलीं 12 बोरी बालू, गलियों में फैला सीवर का पानी नगर निगम और जलकल विभाग की टीम जब शुक्रवार रात शिवाला क्षेत्र में सीवर लाइन की सफाई करने पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर कर्मचारी भी दंग रह गए। मुख्य सीवर लाइन के भीतर से करीब 12 बोरी बालू और अन्य ठोस मलबा निकाला गया। इस भारी मलबे के कारण सीवर का बहाव पूरी तरह ठप हो गया था, जिससे आसपास की गलियों और निचले इलाकों में गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर जमा हो गया।
राजनीतिक घमासान के बीच एक्शन में महापौर और नगर आयुक्त गौरतलब है कि वाराणसी में लगातार हो रहे जलभराव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सरकार और स्थानीय नगर निगम पर लगातार तीखे हमले बोल रहे हैं। जलभराव के मुद्दे पर मचते राजनीतिक घमासान के बीच शनिवार को महापौर और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों संग धरातल पर उतरकर शिवाला क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। महापौर ने बताया कि पंप लगाकर निचले इलाकों से पानी निकाला जा रहा है और स्थिति पर काबू पाने के लिए टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं।
भेलूपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस सीवर लाइन से बोरियां मिलने की घटना को नगर निगम प्रशासन ने शहर को बदनाम करने और अव्यवस्था फैलाने की साजिश माना है। जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता ने इस संबंध में भेलूपुर थाने में अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर सौंपी है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि सीवर में मलबे की बोरियां डालने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति सरकारी संपत्ति या सीवर लाइन के साथ छेड़छाड़ करता दिखे, तो तुरंत नगर निगम को सूचित करें।











