
राजधानी दिल्ली के बेहद सुरक्षित और पॉश इलाकों में शुमार कालकाजी में एक संपत्ति व्यापारी (प्रॉपर्टी डीलर) की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान 48 वर्षीय मंजीत सिंह उर्फ बंटी के रूप में हुई है. यह पूरी वारदात दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी थाना क्षेत्र स्थित L-8 ब्लॉक की है. बिल्डिंग में रहने वाले पड़ोसियों के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि हाथापाई में एक शख्स की जान चली गई, जबकि उसका भाई जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है.
ग्राउंड फ्लोर और तीसरी मंजिल के निवासियों में बढ़ा विवाद दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. शुरुआती तफ्तीश में सामने आया कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले लोगों और तीसरी मंजिल के निवासियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. शुरुआत में बहस बिल्डिंग के बाहर मुख्य गेट पर हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए. हाथापाई के दौरान आरोपी पक्ष ने मंजीत सिंह उर्फ बंटी और उनके भाई दिलबाग सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया.
एम्स ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत दोनों घायल भाइयों को इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मंजीत सिंह उर्फ बंटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके भाई दिलबाग सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
सीसीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही पुलिस, कई टीमें गठित हत्या का मामला दर्ज कर कालकाजी थाना पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया है. पुलिस घटनास्थल और आसपास की इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है, ताकि विवाद की असली वजह और हमले में शामिल सभी चेहरों की पहचान की जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.












