
मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण (दीपक पटेल) की संदिग्ध और खौफनाक परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। केलि कुंज आश्रम के समीप स्थित ‘गुरु कृपा कुंज’ भवन में रहने वाले जबलपुर निवासी रसिक दुलारी शरण की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। इस मामले के बेहद खौफनाक पहलुओं ने पुलिस, फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉक्टरों को गहरे सोच में डाल दिया है।
CCTV फुटेज में हैरान करने वाला दृश्य, बिना तड़पे छत की ओर बढ़े
घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज ने जांच अधिकारियों के होश उड़ा दिए हैं। फुटेज के अनुसार, रसिक दुलारी शरण अपने कमरा नंबर 21 से बाहर निकलते हैं। उस दौरान वे खून से सनी धोती लपेटे हुए थे और पैरों को चौड़ा करके सीढ़ियों से होते हुए चौथी मंजिल की छत पर पहुंचते हैं।
छत पर लगे कैमरे में दिखा कि वे बाउंड्री पर बैठते हैं और फिर लेट जाते हैं। इसके बाद वे अचानक उठते हैं और बाउंड्री पर चढ़कर नीचे छलांग लगा देते हैं। जिस समय वे नीचे गिरे, वहां से गुजर रहा एक साइकिल सवार बाल-बाल बच गया।
इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से काटा प्राइवेट पार्ट, डॉक्टर भी हैरान
छत से कूदने से ठीक पहले रसिक ने अपने ही कमरे में इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से अपना प्राइवेट पार्ट काट लिया था। इतनी भीषण पीड़ा के बावजूद आसपास के लोगों ने उनके रोने या चीखने की कोई आवाज नहीं सुनी और न ही फुटेज में उनके चेहरे पर दर्द का कोई भाव दिखा।
मथुरा के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूदेव ने इस पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा खुद पर इतना भयानक प्रहार करना और बिना छटपटाहट के सामान्य रूप से चलना मेडिकल साइंस के हिसाब से लगभग असंभव है। पुलिस को संदेह है कि घटना के वक्त वे किसी भारी नशे या ड्रग्स के प्रभाव में थे या नहीं, जिसकी पुष्टि के लिए ब्लड सैंपल फॉरेंसिक लैब भेजे गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की असली वजह का खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कुल सात गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक:
-
सिर व चेहरे पर गहरी चोटें: चौथी मंजिल से नीचे गिरने के कारण सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
-
हड्डियां प्रभावित: तेज प्रभाव से हाथ, पैर और एड़ी की हड्डियां क्षतिग्रस्त हुईं।
-
अत्यधिक रक्तस्राव: प्राइवेट पार्ट कटने और गिरने से अत्यधिक खून बह गया।
-
मौत का मुख्य कारण: डॉक्टरों ने अत्यधिक रक्तस्राव (Excessive Blood Loss) को ही मौत की प्राथमिक वजह बताया है।
पुलिस जांच के दायरे में 5 बड़े अनसुलझे सवाल
-
कोई व्यक्ति होश में रहते हुए इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से स्वयं को ऐसी भीषण चोट कैसे पहुंचा सकता है?
-
अत्यधिक दर्द के बावजूद बिना चीखे-चिल्लाए सीढ़ियां चढ़कर छत तक कैसे पहुंचा गया?
-
गंभीर रूप से घायल होने के बाद चेहरे पर पीड़ा के कोई भाव क्यों नहीं थे?
-
लहूलुहान अवस्था में भी अचानक उठकर बाउंड्री पर चढ़ने की फुर्ती कैसे आई?
-
इतना भयावह और आत्मघाती कदम उठाने के पीछे का वास्तविक कारण क्या था?
सीओ संदीप कुमार सिंह ने बताया कि सर्वोदय अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कमरा नंबर 21 में ग्राइंडर कब लाया गया और घटना के समय उनका रूममेट जुगल शरण कहां था।













