UPSSSC PET 2026: सैनिटरी पैड में ब्लूटूथ छिपाकर परीक्षा देने पहुंचा मुन्नाभाई, झांसी में ऐसे खुला हाईटेक नकल का राज

झांसी/बदायूं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 के दौरान झांसी से नकल का एक बेहद हैरान करने वाला और अनोखा तरीका सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर कड़ी चेकिंग को चकमा देने के लिए प्रयागराज से आए एक अभ्यर्थी ने सैनिटरी पैड के भीतर ब्लूटूथ व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाकर उसे अपने अंतःवस्त्रों में लगा रखा था। हालांकि, परीक्षा कक्ष में उपकरण से आ रही हल्की सरसराहट की आवाज ने उसकी चालाकी की पोल खोल दी और वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

परीक्षा हॉल में आई ‘सरसराहट’ की आवाज और पकड़ा गया आकाश

झांसी के एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अभ्यर्थी की पहचान प्रयागराज निवासी आकाश पटेल के रूप में हुई है। आरोपी ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और ब्लूटूथ सेटअप को सैनिटरी पैड में बेहद शातिराना तरीके से छिपाया था और उसे अपने अंतःवस्त्रों में पहनकर सेंटर में दाखिल हो गया था। परीक्षा हॉल में प्रश्नपत्र हल करने के दौरान अचानक आरोपी के पास से ‘सरसराहट’ की आवाज आने लगी। ड्यूटी पर तैनात इनविजिलेटर (कक्ष निरीक्षक) को संदेह हुआ, तो उन्होंने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया। कड़ाई से ली गई तलाशी के दौरान सैनिटरी पैड में छिपाई गई ब्लूटूथ डिवाइस व अन्य उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

झांसी में 10 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

झांसी जिले में PET परीक्षा के लिए कुल 37 केंद्र बनाए गए थे। जिलाधिकारी गौरांग राठी और ADM प्रशासन संजय चावला ने दावा किया कि पूरी परीक्षा CCTV की निगरानी में पूरी तरह नकलविहीन संपन्न कराई गई। परीक्षा के दौरान झांसी में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अनुपस्थित भी रहे। पहली पाली में 5,391 और दूसरी पाली में 5,420 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह केवल झांसी जिले में ही 10,811 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया।

बदायूं में गूगल मैप्स ने अभ्यर्थियों को भटकाया, मूसाझाग पहुंचे परीक्षार्थी

दूसरी ओर, परीक्षा देने आ रहे अभ्यर्थियों को तकनीकी गड़बड़ी का सामना भी करना पड़ा। सीतापुर, लखीमपुर और शाहजहांपुर से बदायूं में परीक्षा देने आ रहे अभ्यर्थियों को ‘गूगल मैप्स’ (Google Maps) ने बुरी तरह भटका दिया। अभ्यर्थियों को बदायूं स्थित ‘डीपॉल स्कूल’ परीक्षा केंद्र पहुंचना था, लेकिन गूगल मैप ने लोकेशन को मूसाझाग क्षेत्र में ग्राम प्रधान कालीचरण के मकान के पास दिखा दिया। इसके चलते दर्जनों परीक्षार्थी सही समय पर सेंटर पहुंचने के लिए घंटों परेशान होते नजर आए।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha