INDIA Alliance Maharally Ramlila Maidan: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक आज यानी रविवार को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक विशाल महारैली करने जा रहा है। चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के साथ-साथ विपक्षी दल इस आयोजन के जरिए अपनी एकजुटता और राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
रैली से ठीक एक दिन पहले शनिवार को कांग्रेस ने एक मॉक पार्लियामेंट (प्रतीकात्मक संसद) का आयोजन कर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग (Public Impeachment) की कार्रवाई की थी और साफ कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफा देना ही होगा। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है और SIR (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं।
राहुल गांधी की वीडियो अपील: ‘रैली के साथ खरीदारी भी करें, BJP डरी हुई है’
महारैली से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी कर रैली में शामिल होने आ रहे लोगों और कार्यकर्ताओं से खास अपील की है। राहुल गांधी ने कहा, “आप लोग प्रोटेस्ट कीजिए, मार्च निकालिए, रैली में हिस्सा लीजिए और साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कर लीजिए, जिससे स्थानीय व्यापारियों का फायदा होगा। मुझे पता है कि रैली से व्यापारियों को कोई नुकसान नहीं होगा। बीजेपी डरी हुई है, इसीलिए तरह-तरह की अफवाहें फैला रही है।”
ओपन बस में सवार होकर रामलीला मैदान पहुंचेंगे दिग्गज नेता
विपक्षी गठबंधन ने इस महारैली को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं:
-
खुली बस में सफर: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास और कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से INDIA ब्लॉक के प्रमुख नेता और सांसद हरी रंग की खुली (ओपन) बसों में सवार होकर मिंटो ब्रिज तक पहुंचेंगे।
-
पैदल मार्च: मिंटो ब्रिज पर जुटने के बाद सभी विपक्षी नेता और कार्यकर्ता एकजुटता का संदेश देते हुए रामलीला मैदान तक पैदल मार्च करेंगे।
-
अनोखा प्रदर्शन: इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता रैली में सफेद कपड़े पहनकर पहुंचेंगे। ये उन मतदाताओं का प्रतीक होंगे जिन्हें कथित रूप से मृत घोषित कर दिया गया या मतदाता सूची से हटा दिया गया है। कुछ कार्यकर्ता बैटमैन का मास्क पहनकर भी विरोध दर्ज कराएंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 4 हजार जवान, 200 CCTV और ड्रोन से निगरानी
लगभग 50 हजार लोगों की भीड़ की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं:
-
सुरक्षाबल: 4,000 से अधिक दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियां तैनात की गई हैं।
-
जोनल व्यवस्था: रामलीला मैदान और मिंटो ब्रिज के पूरे रूट को 14 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की कमान ACP और अतिरिक्त DCP स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।
-
तकनीकी निगरानी: 200 से ज्यादा CCTV कैमरे, ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति की समीक्षा की जाएगी। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने खुद मौके का मुआयना कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया है।
दिल्ली में Traffic Diversion: पुलिस की सलाह- मेट्रो का इस्तेमाल करें
महारैली के कारण रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा:
-
डायवर्जन: जरूरत के अनुसार विभिन्न चौराहों पर डायवर्जन लागू किया गया है और 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
-
रेलवे स्टेशन और अस्पताल: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों से जाने की सलाह दी गई है। एलएनजेपी (LNJP) और जीबी पंत अस्पताल की ओर जाने वाली एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों के लिए कॉरिडोर खुला रखा जाएगा।
-
यात्रियों के लिए सलाह: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से सड़क किनारे वाहन पार्क न करने और बसों/गाड़ियों के बजाय मेट्रो से यात्रा करने का अनुरोध किया है।



















