
दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें खुली बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री विदेशी मदद से सत्ता में आए हैं और उसी मदद के सहारे प्रधानमंत्री बने हुए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि देश की आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के कंट्रोल और समर्थन पर निर्भर है।
राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी से कहा, ‘मोदी जी इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए. आप विदेश मदद से पीएम बने हैं. विदेश मदद से ही पीएम बने हुए हैं. आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के कंट्रोल में और समर्थन से है. विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है.’
राहुल गांधी बोले- किसी भी मंच पर बहस के लिए तैयार
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा, ‘मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं. कोई भी मंच, किसी भी समय. हिम्मत है तो आइए. आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं.’
राहुल गांधी के इस बयान के बाद केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है। हालांकि, विदेशी मदद और आर्थिक व्यवस्था पर नियंत्रण को लेकर राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कोई विस्तृत प्रमाण या ब्योरा साझा नहीं किया।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर लगाया था देश को बांटने का आरोप
राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 31 अक्टूबर को दिए गए भाषण के बाद आया है। पीएम मोदी ने गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह को संबोधित किया था।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा था कि कुछ बाधा डालने वाली ताकतें देश को बांटने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल अफवाहें फैलाने और भारत की छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है।
‘विपक्ष विरोधी पक्ष के बजाय बाधा डालने वाली ताकत बन गया’
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा था कि विपक्ष अब विरोधी पक्ष के बजाय बाधा डालने वाली ताकत बन गया है। उन्होंने लोगों को सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और देश को बांटने की कोशिशों के प्रति सतर्क रहने की अपील की थी।
पीएम मोदी ने ‘दिमागी नक्सलवाद’ के प्रति भी आगाह किया था और देश में सेक्युलर सिविल कोड की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत पर जोर दिया था।
इसी बयान के बाद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर विदेशी मदद और आर्थिक व्यवस्था को लेकर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने पोस्ट के जरिए पीएम मोदी को किसी भी मंच पर खुली बहस के लिए चुनौती दी है।















