
बिहार के किशनगंज में शिक्षा विभाग की अधिकारी रूबी कुमारी के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. सर्व शिक्षा अभियान में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) के पद पर तैनात रूबी कुमारी के किशनगंज और कटिहार स्थित चार ठिकानों पर EOU की टीमों ने मंगलवार को एक साथ छापेमारी की. यह पूरी कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोपों के तहत की जा रही है.
आय से 80 फीसदी अधिक संपत्ति का मामला, कटिहार में भी रेड
आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी मोहम्मद जनीफुद्दीन ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला अधिकारी की घोषित आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने से जुड़ा है. EOU की अलग-अलग टीमें किशनगंज के अलावा कटिहार में भी छापेमारी कर रही हैं, जहां उनके वित्तीय रिकॉर्ड, निवेश के कागजात और बैंक खातों की गहन जांच की जा रही है.
शिक्षा विभाग में हड़कंप, दस्तावेजों की हो रही पड़ताल
जांच एजेंसी को काफी समय से रूबी कुमारी द्वारा पद का दुरुपयोग कर अवैध रूप से विशाल संपत्ति बनाने की शिकायतें मिल रही थीं. EOU की इस अचानक हुई कार्रवाई से बिहार शिक्षा विभाग के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है. फिलहाल अधिकारी के सभी ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है और छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति और बेनामी दस्तावेजों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया जाएगा.
















