
उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए वीआईपी (VIP) दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. मंदिर प्रशासन ने वीआईपी दर्शन के लिए अब ‘पर्ची सिस्टम’ (Pass System) लागू कर दिया है. इसके तहत अब बिना वैध पंजीकरण पर्ची के किसी भी विशिष्ट जन या सेवायत गोस्वामी के यजमानों को वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
गेट नंबर 4 पर बना काउंटर, दो कर्मचारी तैनात
मंदिर के निकास द्वार (गेट नंबर-4) पर वीआईपी पर्ची काटने के लिए विशेष काउंटर बनाया गया है. श्री बांके बिहारी मंदिर हाईपावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देशों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए काउंटर पर दो अलग-अलग कर्मचारियों की तैनाती की गई है. इनमें से एक कर्मचारी पुलिसकर्मियों द्वारा लाए जाने वाले वीआईपी मेहमानों का पंजीकरण करेगा, जबकि दूसरा कर्मचारी सेवायत गोस्वामियों द्वारा लाए गए यजमानों का तुरंत रजिस्ट्रेशन कर पर्ची जारी करेगा.
पुलिसकर्मी भी बिना पर्ची के नहीं करा सकेंगे दर्शन
नए नियमों के अनुसार, वीआईपी प्रोटोकॉल का दायरा बढ़ा दिया गया है. अब प्रशासनिक अधिकारियों या पुलिसकर्मियों के माध्यम से आने वाले विशिष्ट जनों को भी पर्ची दिखाने के बाद ही प्रवेश मिलेगा. इस व्यवस्था से आम श्रद्धालुओं को दर्शन में होने वाली असुविधा और अव्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
सर्दियों में बांके बिहारी मंदिर के दर्शन का नया समय
सर्दियों के मौसम को देखते हुए मंदिर के कपाट खुलने और बंद होने के समय में भी बदलाव किया गया है:
-
सुबह (राजभोग दर्शन): प्रातः 8:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक.
-
शाम (शयनभोग दर्शन): सायं 4:30 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक.
-
दोपहर: दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक मंदिर पूरी तरह बंद रहता है.
















