कानपुर के बाद अब हमीरपुर में दबिश देने गई पुलिस पर बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश हुआ घायल

फाइल फोटो


– पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश हुआ घायल, जंगल में घुसी पुलिस फोर्स

हमीरपुर । जिले में मुस्करा थाने के बिहूनीकला गांव के जंगल में असलहा फैक्ट्री संचालित होने की सूचना पर सोमवार की रात दबिश देने गई पुलिस पर बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ है। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बिहूनी गांव के जंगल में रात के वक्त असलहा फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली थी। सूचना पुख्ता होने पर सोमवार देर शाम पुलिस टीम दबिश देने पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए मोर्चा संभाल जवाबी फायरिंग की।

पुलिस की फायरिंग में असलहा फैक्ट्री संचालक घायल हुआ है। जिसका नाम खिम्मा उर्फ खेमचंद्र पुत्र मईयादीन विश्वकर्मा निवासी बिहूनीकला थाना मुस्करा बताया जा रहा है। आरोपी के बांए पैर में गोली लगी है जिसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी श्लोक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। बताया कि पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है। जबकि दो भागने में कामयाब रहे। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स बुला ली गई है। एसपी पुलिस टीमों के साथ जंगल में कांबिंग कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...