यूपी : कानपुर में कोरोना का फूटा कहर, 54 और मिले कोरोना पॉजिटव मरीज, संख्या हुई 1415

– 61 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की हो चुकी है मौत
– जनपद में 373 एक्टिव मरीजों का अस्पतालों में चल रहा है इलाज
– अनलॉक में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के साथ मृतकों की भी बढ़ रही संख्या
– सोमवार को तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की हैलट अस्पताल में हुई मौत

कानपुर, । उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कानपुर नगर में मई माह कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में कमी हो रही थी। इसको लेकर एक बार ऐसा लगा था कि अब कानपुर में कोरोना संक्रमण की चेन टूट रही है। लेकिन अनलॉक में बराबर कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं। सोमवार को भी आयी जांच रिपोर्ट में जनपद में 54 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। वहीं जनपद में अब एक्टिव केसों की संख्या 1415 के सापेक्ष 373 जा पहुंची है और 61 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। लगातार आ रहे कोरोना मरीजों को लेकर स्वास्थ्य विभाग से लेकर प्रशासन तक में बेचैनी बढ़ गयी है और आगे की रणनीति बनाना तेज हो गयी है।

वैश्विक महामारी बना कोरोना वायरस का संक्रमण जनपद में खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है और अब नए इलाकों की ओर रुख करने लगा है। सोमवार को आयी जांच रिपोर्ट में भी कानपुर में कोरोना के 54 और मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। कोरोना पॉजिटिव यह मरीज दौलतगंज, रावतपुर, आर्य नगर, शिवकटरा, यशोदा नगर, झकरकटी, कमला टावर, फीलखाना, मेडिकल कालेज, पनकी, साकेत नगर, अकबरपुर, नवाबगंज, चकेरी, शास्त्री नगर, काकादेव, एयरफोर्स स्टेशन, सचेण्डी, बर्रा -8, दामोदर नगर, आनन्द नगर, गाँधी नगर, केशव नगर, सिविल लाइन्स, ग्वालटोली, जूही, सर्वोदय नगर, गोविन्द नगर, बादशाही नाका, कैन्ट, हरबंश मोहाल, हरजिन्दर नगर, स्वरूप नगर, मथरी मोहाल, रामादेवी एवं लखनपुर कानपुर नगर के क्षेत्रों से हैं। हालांकि बर्रा जोखिम क्षेत्र (हॉटस्पॉट) की सूची में है और बाकी को भी अब शामिल किया जाएगा। तो वहीं हॉट स्पॉट इलाके का दायरा भी बढ़ा रहा है। ऐसे में जनपद में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 1415 जा पहुंचा। कोरोना पॉजिटिव के केस बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग से लेकर प्रशासन तक के माथे पर बल ला दिया है। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की कोविड-19 लैब से जांच रिपोर्ट आई है, जिसमें 54 मरीजों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इस प्रकार जनपद में अब 373 एक्टिव केस बचे हैं। बताया कि आज भी 14 कोरोना पॉजिटिव मरीज सही हुए हैं और उनको करतल ध्वनि से विदा कर दिया गया है।

तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की हुई मौत

सीएमओ ने बताया कि आज तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गयी है। बताया कि नेहरू नगर निवासी 58 वर्षीय पुरूष बुखार, कॅफ एवं श्वास रोग से ग्रसित था और साथ में कोरोना पॉजिटिव था। इसी तरह हरजिन्दर नगर निवासी 52 वर्षीय पुरूष सॉस फूलना, हाइपॉक्सेमिया से परेशान था। दोनों कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत एलएलआर चिकित्सालय में उपचार के दौरान हुई तथा ओल्ड हैलट कैम्पस 62 वर्षीया महिला हाइपरटेन्शन, उच्च रक्तचाप, मधुमेह रोग से ग्रसित की मृत्यु एसजीपीजीआई लखनऊ में उपचार के दौरान हुई है। बताया कि आज 14 कोरोना मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आयी है और उन्हे अलग-अलग अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिसमें नारायणा कोविड चिकित्सलय से 06 रोगियों, एलएलआर चिकित्सालय से 03, तथा रामा आयुष विग से 05 रोगियों को उपचारोपरान्त स्वस्थ्य हो जाने पर करतल ध्वनि के साथ डिस्चार्ज किया गया। इसके साथ ही रोजाना की भांति आज भी सैंपलिंग की गयी और स्वास्थ्य विभाग ने आज कुल 637 अलग-अलग जगहों से लिये।

खबरें और भी हैं...