कानपुर हत्याकांड : वायरल वीडियो में हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे दो सत्ताधारी विधायकों का ले रहा नाम

– अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ फोटो भी हुई वायरल

कानपुर, । सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों को मौत की नींद सुलाने वाला हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे भले ही अभी पुलिस की पकड़ से दूर हो, पर वायरल फोटो व वीडियो राजनेताओं को परेशान कर रहे हैं। सोमवार को भी एक वीडियो और ऑडियो वायरल हुआ जिसमें विकास दो सत्ताधारी विधायकों का नाम ले रहा है। हालांकि दोनों सत्ताधारी विधायक विकास की बातों को नाकार रहे हैं और कह रहे हैं कि उससे हमारा कोई नाता नहीं है।

चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरु में गुरुवार की देर रात सीओ देवेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में गयी पुलिस टीम पर हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे और उसके साथियों ने हमला कर दिया, जिसमें आठ पुलिस कर्मी शहीद हो गये थे। इसके बाद से पुलिस विकास की तलाश कर रही है पर वह पुलिस की पकड़ से दूर है। इसी बीच सोशल मीडिया में सोमवार को एक वीडियो और ऑडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में विकास साफ-साफ बिल्हौर विधायक भगवती सागर और बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा का नाम ले रहा है।

सत्ताधारी विधायकों का नाम सामने आते ही दोनों विधायकों ने जहां इस बात इंकार किया है कि विकास से उनके संबद्ध थे तो वहीं विपक्ष भी हमलावर हो गया है। हालांकि ये वीडियो काफी पुराना बताया जा रहा है लेकिन ऑडियो को लेकर संदेह बना है। टीवी चैनलों पर वीडियो और ऑडियो प्रसारित होने के बाद दोनों विधायकों ने भी अपना पक्ष रखा है। एक विधायक ने विकास से कभी कोई संबंध न होने और न कभी मिलने की बात कही है, वहीं दूसरे विधायक ने ऐसे वीडियो की जांच कराने और मामला ऊपर तक रखने का बयान दिया है।

खबरें और भी हैं...