MP: गुना में पिटाई की घटना के बाद CM शिवराज सिंह चौहान ने DM और SP ने गिराई गाज, दिए जाँच के आदेश

मध्य प्रदेश के गुना में दलित दंपति को निर्दयता से पीटे जाने की घटना को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुना के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुना मामले में उच्च स्तरीय जाँच के आदेश भी दिए हैं, जो भी इस घटना में दोषी है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले के सामने आने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी ट्वीट किया है। सिंधिया ने अपने ट्वीट में लिखा, “गुना की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस संबंध में मैंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी से चर्चा कर के ऐसे असंवेदनशील व दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही का अनुरोध किया है।”

सिंधिया ने आगे लिखा कि गुना, मध्य प्रदेश की दुर्भाग्यपूर्ण घटना को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुना के कलेक्टर और एसपी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दे दिए है। उन्होंने कहा कि आगे भी कार्रवाई होगी। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना के सांसद रहे हैं।

गौरतलब है कि गुना शहर के जगनपुर क्षेत्र में एक सरकारी मॉडल कॉलेज के निर्माण के लिए निर्धारित सरकारी जमीन के अतिक्रमण से जबरन निकाले गए एक दलित दंपति ने मंगलवार (जुलाई 14, 2020) को इस मुहिम के विरोध में कीटनाशक पी लिया था।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अतिक्रमणकारी दंपति और उनके परिवार के लोगों द्वारा अतिक्रमण हटाने की मुहिम का विरोध करने पर पुलिस को लाठीचार्ज करने के लिए मजबूर होना पड़ा। कीटनाशक पी लेने के बाद पुलिस द्वारा दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ फिलहाल उनकी हालत में सुधार है।

जगह छोड़ने का विरोध कर रहे दंपति को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें पुलिस लाठी से एक आदमी को कथित तौर पर पीट रही है और उसकी पत्नी और अन्य लोग उसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं। इसमें महिला भी अपने पति के ऊपर लेट जाती है और महिला पुलिसकर्मी उसे मौके से हटाते हुए नजर आ रही हैं।

गुना में दलित की फसल उजाड़ने पर मायावती का भाजपा पर निशाना

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने मध्यप्रदेश के गुना में एक दलित की फसल उजाड़ने को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और आज कहा कि यह सरकार भी कांग्रेस की तरह ही काम कर रही है ।


बसपा प्रमुख ने गुना की घटना को लेकर आज दो ट्वीट किये । उन्होंने पहले ट्वीट में कहा कि गुना पुलिस और प्रशासन द्धारा अतिक्रमण के नाम पर कर्ज लेकर तैयार की गई फसल को जेसीबी मशीन से बर्बाद कर दिया गया । जिससे दलित दंपत्ति आत्महत्या के प्रयास के लिये मजबूर हो गया । यह अति क्रूर और शर्मनाक है ।इस घटना की देशव्यापी निंदा स्वाभाविक है । सरकार इस पर जल्द कार्रवाई करे ।


उन्होंने दूसरे ट्वीट मेें कहा कि एक ओर तो भाजपा और इसकी सरकार दलितों को बसाने का ढिंढोरा पीटती है जबकि दूसरी ओर उन्हें उजाड़ने की घटना आम है । यह पहले कांग्रेस के शासन में हुआ करता था। उन्होंने सवाल उठाया कि दोनों सरकारों में क्या अंतर है।

खबरें और भी हैं...