
किशनगंज : भारत नेपाल के बीच चल रही टेंशन का असर अब भारतीय सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों पर पड़ने लगा है। दरअसल बिहार के किशनगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर शनिवार की रात नेपाल पुलिस ने तीन भारतीय नागरिकों पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में एक युवक घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घायल युवक का नाम जितेन्द्र कुमार सिंह है। जितेंद्र खनियाबाद पंचायत के माफी टोला निवासी है। स्थानीय ग्रामीण इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ लेकर आए जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घायल युवक जितेन्द्र कुमार सिंह का इलाज पूर्णिया में चल रहा है जहां उसकी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर कैंप कर रहे हैं अधिकारी: एसपी
किशनगंज के एसपी कुमार आशीष ने बताया कि नेपाल पुलिस द्वारा किशनगंज में भारत-नेपाल सीमा के पास तीन भारतीय लोगों पर फायरिंग की गई। नेपाल पुलिस की फायरिंग में एक भारतीय घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से स्थानीय पुलिस व एसएसबी अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। इस घटना को लेकर पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
जून में भी नेपाल पुलिस की गोली से हुई थी एक भारतीय की मौत
इससे पहले नेपाल पुलिस ने इसी साल जून के महीने में बिहार में सीतामढ़ी स्थित लगने वाले बॉर्डर पर एक भारतीय नागरिक को गोली मार दी थी। जबकि नेपाली सैनिकों की ओर से की गई फायरिंग में उस वक्त चार भारतीय घायल हो गए थे। जिन्हें सीतामढ़ी के निजी अस्पताल में इलाज कराया गया था। वहीं नेपाली पुलिस एक भारतीय को उठाकर अपने साथ ले गई थी।
\भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह से सील
गौरतलब है कि लॉकडाउन की शुरुआत से ही भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह से सील है। लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है। नेपाल सरकार ने भारत-नेपाल सीमा पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती कर रखी है। खासकर सीमा के मुख्य रास्तों के अलावा पगडंडियों पर भी सुरक्षा सख्त है। नेपाल में जहां नेपाली सशस्त्र बल ने कैम्प लगाकर सुरक्षा में जुटी हैं। वहीं, भारतीय सीमा में एसएसबी की मौजूदगी पहले से है और लगातार सीमा पर निगरानी की जा रही है।















