
बिहार: राज्य में शुक्रवार को कोविड-19 से तीन डॉक्टर समेत नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि 24 घंटे में पहली बार सबसे ज्यादा संक्रमित मिले। 22 जुलाई से लेकर 23 जुलाई तक 24 घंटे में 10,456 सैंपल की जांच में 1,820 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। राज्य में अब तक 4.29 लाख से ज्यादा सैंपल की जांच में 33,511 पॉजिटिव मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटे में 1,873 संक्रमित स्वस्थ भी हुए। अब तक 22,832 लोग इस महामारी को पराजित करने में सफल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को संक्रमण के चलते 9 लोगों की मौत हो गई। पहली बार एक दिन में तीन डॉक्टरों की मौत हुई है। डॉ. अवधेश प्रसाद सिंह, डॉ. महेंद्र चौधरी और डॉ. मिथिलेश कुमार की संक्रमण की वजह से मौत हुई है। डॉक्टरों के अलावा अररिया जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष विजय कुमार यादव, नालंदा सिलाव के लोजपा नेता और जिला परिषद सदस्य कैप्टन सुनील कुमार सिंह और पश्चिम चंपारण भाजपा नगर मंडल पश्चिम के अध्यक्ष की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हो गई। अब तक राज्य में 233 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है।
पटना में सबसे अधिक 561 नए संक्रमित मिले
पिछले दो दिनों में पटना में सबसे अधिक 561 नए संक्रमित मिले। वहीं, गया में 147, सारण में 121, रोहतास में 101, मुजफ्फरपुर में 99, भागलपुर में 81 नए संक्रमितों की पहचान की गई।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 23 जुलाईं को मिले 737 नए संक्रमितों में अरवल में 20, बाँका में 4,बेगूसराय में 13, भागलपुर में 56, भोजपुर में 4, दरभंगा में 3, पूर्वी चंपारण में 55, गया में 51, गोपालगंज में 1, जहानाबाद में 33, खगड़िया में 17, लखीसराय में 11, मधेपुरा में 10,मधुबनी में 2, मुंगेर में 4, मुजफ्फरपुर में 88, नालंदा में 20, नवादा में 2, पटना में 265, पुर्णिया में 6, रोहतास में 30, समस्तीपुर में 1, सारण में 1, शेखपुरा में 4,शिवहर में 7, सीतामढ़ी में 16, वैशाली में 2 और पश्चिमी चंपारण 11 नए संक्रमित मिले।
राज्य में हैं कोरोना के 10,457 एक्टिव मरीज
जानकारी के अनुसार राज्य में अभी कोरोना के 10,457 एक्टिव मरीज हैं। इनका इलाज कोरोना के लिए डिडिकेटेड मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, डिडिकेटेड हेल्थ आइसोलेशन व कोविड केयर सेंटर में किया जा रहा है। कोरोना की जांच प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, अनुमंडलीय अस्पतालों में करने की कार्रवाई कई जिलों में किया जा रहा है।
24 घंटे में 10,456 सैम्पल की जांच हुई
बिहार में पिछले 24 घंटे में 10 हजार 456 सैम्पल की कोरोना जांच की गई। इसके साथ ही, राज्य में अबतक 4 लाख 29 हजार 464 सैम्पल की जांच की जा चुकी है। राज्य में अब एंटीजेंन किट से रैपिड जांच शुरू की जा चुकी है।
बिहार की राजधानी पटना के बांसघाट स्थित श्मशान घाट में कोरोना संक्रमितों का शव खुले में जलाने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। इससे संक्रमण के खतरे की आशंका जतायी है। इनका आरोप है कि शव को जलाने के लिए पेट्रोल छिड़का जा रहा है। दरअसल, बांसघाट से गंगा की तरफ जाने वाले रास्ते के बगल में एक शेड को घेरकर कोरोना मरीजों का शव जलाया जाता है। आमतौर पर प्रशासन रात में शव जलाता था। गुरुवार दोपहर को यहां तीन शव जलाए जा रहे थे। आरोप है कि इनपर पेट्रोल छिड़ककर जलाने की कोशिश की जा रही थी। इसे देख सड़क पर कई लोग रुक गए। काफी भीड़ जमा हो गई। कई लोग हंगामा करने लगे कि पेट्रोल छिड़ककर शव को जलाया जा रहा है।
बिहार में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच सासाराम जिले का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है । बिक्रमगंज में स्थित श्मशान में पीपीई किट में बंधे एक लाश को कुत्ते नोंच रहे हैं। वायरल वीडियो को देख आस-पास के लोगों में भय व्याप्त है। बताया जाता है कि बिक्रमगंज शहर के चित्रगुप्त नगर के एक 60 वर्षीय एक सख्स की मौत सोमवार की शाम में कोरोना से संक्रमित होकर हो गई थी। मृतक का शव का अंतिम संस्कार के लिए प्रशासनिक अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी के उपस्थिति में मंगलवार को दाहसंस्कार किया गया।















