
लखनऊ
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस (Coronavirus Cases in Uttar Pradesh) के मामले पुराने रेकॉर्ड को ध्वस्त करते जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की चिंता बढ़ रही है। यूपी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3 हजार 260 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में अब ऐक्टिव मामलों की संख्या 23 हजार 921 हो गई है। यही नहीं, अबतक 41 हजार 641 कोराना मरीजों को इलाज के बाद पूरी तरह ठीक होने पर डिस्चार्ज भी किया गया है। प्रदेश में अब मरने वालों की संख्या 1,426 पहुंच गई है। इस बात की जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई है। इन सबके बीच सबसे हैरानी वाली बात तो यह है कि पूरी लिस्ट में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा मरीज राजधानी लखनऊ से (449) आए हैं।
अब इन थाना क्षेत्रों से हट जाएगा लॉकडाउन
उधर, लखनऊ के चार थानों में 20 जुलाई से चल रहा लॉकडाउन सोमवार से हटने जा रहा है। कोरोना के बढ़ते मामलों और कंटेनमेंट जोन की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने यहां लॉकडाउन लगाया था। अब इन चार थाना क्षेत्रों से लॉकडाउन हटाए जाने का फैसला लिया गया है। बताते चलें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चार थाना क्षेत्रों आशियाना, सरोजनीनगर, इंदिरानगर और गाजीपुर में 20 जुलाई रात 10 बजे लॉकडाउन लगा था। इन सभी इलाकों में सोमवार सुबह से लॉकडाउन हट जाएगा। इन इलाकों को अब वृहद कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया जाएगा।











