
लद्दाख की गलवान घाटी में सीमा विवाद के बाद देश में चीन विरोधी सेंटिमेंट बना हुआ है। इसको देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2020 के टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए चीनी स्मार्टफोन कंपनी वीवो के साथ नाता तोड़ दिया है। अब खबर आ रही है कि योग गुरु बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद आईपीएल 2020 के स्पॉन्सरशिप टाइटल के लिए बोली लगा सकती है।
ग्लोबल मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर पहुंचना चाहती है पतंजलि
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पतंजलि के प्रवक्ता एसके तिजारावाला का कहना है कि हम पतंजलि ब्रांड को ग्लोबल मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर ले जाना चाहते हैं। इसके लिए हम इस साल आईपीएल के टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए विचार कर रहे हैं। तिजारावाला का कहना है कि पतंजलि बीसीसीआई के लिए एक प्रस्ताव पर विचार कर रही है।
आईपीएल के लिए नया टाइटल स्पॉन्सर ढूंढ़ रही है बीसीसीआई
देश में चीन विरोधी सेंटिमेंट के बाद बीसीसीआई ने 6 अगस्त को आईपीएल 2020 के टाइटल स्पॉन्सरशिप से वीवो को हटा दिया था। इसके बाद से बीसीसीआई इस साल के लिए नया आईपीएल टाइटल स्पॉन्सर ढूंढ़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई इस साल आईपीएल टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए 50 फीसदी की छूट दे सकता है। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, टाइटल स्पॉन्सरशिप से बीसीसीआई को इस साल 300 करोड़ रुपए की कमाई की उम्मीद है।
बीसीसीआई को हर साल 440 करोड़ देती थी वीवो
आईपीएल की टाइटल स्पॉन्सरशिप को लेकर चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी वीवो और बीसीसीआई के बीच 2018 में एक समझौता हुआ था। यह समझौता पांच साल के लिए हुआ था। समझौते के तहत आईपीएल टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए वीवो ने हर वर्ष बीसीसीआई को 440 करोड़ रुपए देने की हामी भरी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, वीवो आईपीएल 2021 में टाइटल स्पॉन्सरशिप के तौर पर लौट सकती है।
यूएई में होना है आईपीएल 2020
कोरोनावायरस संक्रमण के कारण पूरी दुनिया में खेल समेत तमाम गतिविधियां ठप पड़ी हैं। भारत भी इससे अछूता नहीं है। भारत में खेल के लिए मौजूदा हालात सही नहीं हैं। इस कारण आईपीएल 2020 यूएई में खेला जाएगा। इस साल आईपीएल 19 सितंबर से 10 नवंबर तक खेला जाएगा।














