
लखनऊ: देश में जानलेवा कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता ही चला जा रहा है. केंद्र और राज्य सरकारों की तमाम कोशिशों के बावजूद रोजाना नए मरीजों और मृतकों की संख्या में भारी उछाल दर्ज हो रहा है. उत्तर प्रदेश में भी कोरोना का कहर लगातार बढ़ रहा है. बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कोरोना संक्रमण के 4814 नए मामले सामने आए हैं. जबकि, 58 और मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 2393 तक पहुंच गया.
स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 671 मामले लखनऊ में सामने आए जबकि, गोरखपुर से 310, कानपुर नगर से 250, प्रयागराज से 203 और बरेली से 177 नए मरीज सामने आए.
बुलेटिन में बताया गया कि बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 14 मरीजों की मौत राजधानी लखनऊ में हुई है. सहारनपुर में पांच, कानपुर नगर में चार, वाराणसी और प्रयागराज में तीन-तीन मरीजों की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हुई है.
कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक सबसे अधिक 295 मौतें कानपुर नगर में हुईं. लखनऊ में 200, मेरठ में 122, वाराणसी में 119 और आगरा में 102 मौतें कोरोना संक्रमण की वजह से हुई हैं.
यूपी में अब तक कोरोना वायरस के 1, 50, 061 मामले सामने आ चुके हैं. संक्रमण की वजह से राज्य में अब तक 2393 लोगों की मौत हो चुकी है. प्रदेश में फिलहाल इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 51, 437 हैं जबकि 96,231 लोग स्वस्थ होकर अस्पतालों से घर जा चुके हैं.













