
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 73 और मरीजों की मौत हो गई तथा 6743 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान 73 और लोगों की मौत के साथ प्रदेश में इस वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4047 हो गई है। लखनऊ में सबसे ज्यादा नौ लोगों की मौत हुई है। एक्टिव मामलों की कुल संख्या 63,256 है, जो लोग पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं उनकी संख्या 2,11,170 हो गई है।
इसके अलावा प्रयागराज में छह, कानपुर नगर में चार, गोरखपुर, वाराणसी, मुरादाबाद, महराजगंज, उन्नाव और रायबरेली में तीन-तीन, मेरठ, झांसी, बलिया, शाहजहांपुर, बस्ती, सीतापुर, सुल्तानपुर, चंदौली तथा फतेहपुर में दो-दो, सहारनपुर, बाराबंकी, अयोध्या, रामपुर, आगरा, आजमगढ़, गाजीपुर, गोंडा, पीलीभीत, संत कबीर नगर, अमरोहा, मिर्जापुर, संभल, अमेठी, फर्रुखाबाद, औरैया, बलरामपुर तथा चित्रकूट में कोविड-19 संक्रमित एक एक व्यक्ति की मौत हुई है।
लखनऊ में 887 मामले सामने आए
लखनऊ में एक बार फिर सबसे ज्यादा 887 प्रकरण सामने आए हैं। वहीं, कानपुर नगर में 431, प्रयागराज में 306, गोरखपुर में 287, गौतम बुद्ध नगर में 236, मेरठ में 232 तथा वाराणसी में 200 लोगों में संक्रमण का पता लगा है। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 5439 मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए। राज्य में इस वक्त 63256 कोविड-19 संक्रमित लोगों का विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
प्रदेश में एक्टिव मामलों की कुल संख्या 63,256 है जिनमें से 33,386 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 1,31,977 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प लिया है, जिसमें से 98,591 का होम आइसोलेशन की अवधि समाप्त हो चुकी है।












