सात समंदर पार से आई दुल्हन: लंदन की मिया ने आदिलाबाद के साई चरण संग लिए सात फेरे, हिंदू रीति-रिवाज ने जीता दिल

आदिलाबाद। कहते हैं कि प्यार न सरहदों को मानता है और न ही भाषा की दीवारों को। इस कहावत को हकीकत में बदला है तेलंगाना के आदिलाबाद के एक युवक और लंदन की एक युवती ने। अलग देश, अलग संस्कृति और अलग जुबान होने के बाद भी दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामा और भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे राज्य में हो रही है।

लंदन में शुरू हुई प्रेम कहानी, भारत में मिला मुकाम

आदिलाबाद के कृष्णानगर निवासी भुसेट्टी साई चरण करीब 10 साल पहले पढ़ाई के लिए लंदन गए थे। वहां अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने खुद का व्यवसाय शुरू किया। इसी दौरान उनकी मुलाकात कार्डिफ (लंदन) की रहने वाली मिया मे से हुई। मिया, किम हेनोच और गैरेथ हेनोच की पुत्री हैं। धीरे-धीरे यह मुलाकात प्यार में बदली और पिछले 5 सालों से एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का सपना देख रहे इस जोड़े ने आखिरकार अपने परिवारों को इस शादी के लिए राजी कर लिया।

तेलंगाना की संस्कृति पर फिदा हुई विदेशी दुल्हन

पिछले महीने जब यह जोड़ा भारत आया, तो मिया मे यहां की समृद्ध संस्कृति और तेलंगाना की परंपराओं को देखकर मंत्रमुग्ध हो गईं। उन्होंने फैसला किया कि वह आधुनिक तरीके के बजाय पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाजों से शादी करेंगी। 10 मई को आदिलाबाद के वन क्षेत्र में स्थित एक विवाह स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों की शादी संपन्न हुई। पारंपरिक भारतीय पोशाक पहने मिया मे ने जब अग्नि के सात फेरे लिए, तो हर कोई इस दृश्य को देखता रह गया।

माता-पिता नहीं आ सके, तो मौसा-मौसी ने किया कन्यादान

इस विवाह में रिश्तों की एक बेहद भावुक तस्वीर भी सामने आई। दुल्हन मिया मे के माता-पिता किन्हीं कारणों से भारत नहीं पहुंच सके। ऐसे में दूल्हे साई चरण की मौसी वनजा और मौसा नीतीश ने अपनी होने वाली बहू की ओर से माता-पिता का फर्ज निभाया। उन्होंने ही मिया का कन्यादान किया और वधू पक्ष की ओर से निभाई जाने वाली तमाम रस्में पूरी कीं।

रिश्तेदारों और दोस्तों की भारी भीड़ के बीच संपन्न हुआ यह विवाह सांस्कृतिक मिलन का एक खूबसूरत उदाहरण बन गया है। विदेशी बहू का भारतीय परिवार में यह गर्मजोशी भरा स्वागत अब हर जगह सुर्खियां बटोर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment