
औरैया। औरैया शहर के मोहल्ला एसपी आवास के पास रजा नगर में बीते 2 दिनों से गटर जाम होने के कारण गटर का पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में सुबह शाम भर जाता है। गटर के गंदे पानी से उठ रही बदबू से लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है। नगर पालिका को सूचना दिए जाने के बावजूद अभी तक स्थिति जस का तस बनी हुई है। शहर के मोहल्ला रजा नगर में लोग बीते 2 दिनों से गंदगी भरे पानी से उठ रही बदबू से परेशान है।
एसपी आवास कॉलोनी की तरफ से आने वाला गंदा पानी नाले के जरिए निकलता है जिसका गटर कहीं जाम हो जाने के कारण रजा नगर की कई गलियों में सुबह शाम पानी भर जाता है जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है उस गंदगी भरे पानी से उठने वाली बदबू लोगों को घरों में भी बेचैन कर देती है। बीते रविवार को गटर जाम हुआ तो मोहल्ले के इमाम बख्श कयूम खान गुलाम वक्स इमरान कामरान सानू शोएब आदि ने नगरपालिका कर्मियों को सूचना दी जिस पर पहले तो नगरपालिका कर्मियों ने रविवार को छुट्टी होने के चलते काम करने से पल्ला झाड़ लिया। बहुत ज्यादा दिक्कत परेशानी होने पर येन केन प्रकारेण मौके पर आए और बिना कार्य किए ही लौट गए। दुबारा जलभराव होने से लोगों ने फिर सूचना दी जिस पर देर शाम तक कर्मी कार्य करते रहे परंतु गटर के ओवरफ्लो पानी से निजात फिलहाल नहीं मिल सकी।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि लाल जी शुक्ला ने मामले को संज्ञान लेते हुए कहा कि अब उनको जानकारी हुई है इसको तुरंत पालिका कर्मियों से कहकर ठीक करा दिया जाएगा ताकि लोगों को गंदगी भरे पानी से निजात मिल सके जैसा कि मालूम हो कि मोहल्ला राजा नगर नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले 3 वार्डों सत्तेश्वर तिलक नगर दक्षिणी व भीकमपुर पश्चिमी वार्ड में बटा हुआ है इन तीनों में होने के चलते चुनाव के बाद से अब तक कोई भी सभासद इस मोहल्ले में लोगों की सुध लेने नहीं आया है। जबकि मोहल्ला मूलभूत सुविधाओं सड़क बिजली के खंभों नालियों से जूझ रहा है।













