सीएम शिवराज हुए कोरोना संक्रमित, अब पूरा मंत्रिमंडल होगा क्वारंटीन

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कोरोना पाजिटिव होने के बाद अब मध्यप्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों को क्वारंटीन रहना होगा। हालांकि सीएम ने अपनी जिम्मेदारियों को सीनियर मंत्रियों को बांट दिया है पर अगर ये मंत्री भी क्वारंटीन होते हैं तो फिर सरकारी कामकाज करने में मुश्किल हालात बनेंगे। सीएम ने कहा कि मैं 25 मार्च से प्रत्येक शाम को कोरोना की समीक्षा बैठक करता रहा हूं। मैं यथासंभव अब वीडियो कांफ्रेसिंग से कोरोना की समीक्षा करने का प्रयास करूंगा और मेरी अनुपस्थिति में यह बैठक गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, नगरीय विकास एवं प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी करेंगे। सीएम इलाज कराने के लिये चिरायु अस्पताल में भर्ती होंगे।

मंत्रियो को मिली जिम्मेदारी
सीएम ने अपनी जिम्मेदारियां मंत्रियों को बांट दी है और सीएम से संपर्क के चलते सभी मंत्रियों का भी कोरोना टेस्ट होना है। इन टेस्ट में किसी भी मंत्री के पॉजिटिव ना निकलने पर भी सभी को एतिहात के तौर पर क्वारंटीन रहना होगा। देश का पहला मामला है जब किसी प्रदेश का मुख्यमंत्री ही संक्रमित हो गया हो। हालात और मुश्किल इसलिये हो गये हैं कि सीएम के साथ सभी मंत्री कैबिनेट की बैठकों में शामिल होते रहे हैं। विभागीय संमीक्षा के दौरान प्रदेश के मुख्यसचिव से लेकर सभी आला अधिकारी सीधे तौर पर सीएम के संपर्क में रहे हैं। अब खुद सीएम ही संक्रमित हो गये तो कितने लोग क्वारंटीन होगं और अगर सभी को क्वारंटीन किया गया तो सरकार कैसे चलेगी। हालांकि सीएम ने कहा है कि मैं स्वयं भी क्वारंटीन रहते हुए इलाज के दौरान प्रदेश में कोरोना नियंत्रण के हर संभव प्रयास करता रहूंगा।

सीएम योगी से भी मिले
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन के बाद लखनऊ पहुंचे थे वहां उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्य नाथ से मिले थे। योगी के साथ साथ लखनऊ में कई नेताओं के साथ मुलाकात हुई। अब सीएम शिवराज की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद सीएम योगी को भी कोरोना टेस्ट कराना होगा साथ ही उनको क्वारंटीन रहना होगा।

सीएम ने ट्वीट कर बताया
उन्होंने खुद ट्वीट कर लोगों को जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि जो लोग भी मेरे संपर्क में आए हैं वे अपना कोरोना टेस्ट करवा ले। मेरे निकट संपर्क वाले लोग क्वारंटीन में चले जाएं। संभवतः यह पहला मामला है जब किसी मुख्यमंत्री की रिपोर्ट कोरोना पाजिटव आई है। इससे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कोरोना पाजिटव हुए थे। सीएम ने ट्वीट कर लिखा मेरे प्रिय प्रदेशवासियों, मुझे #COVID19 के लक्षण आ रहे थे, टेस्ट के बाद मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। मेरी सभी साथियों से अपील है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं, वह अपना कोरोना टेस्ट करवा लें। मेरे निकट संपर्क वाले लोग क्वारन्टीन में चले जाएँ।

सहकारिता मंत्री भी पॉजिटिव
मुख्यमंत्री चौहान से पहले सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया भी कोरोना पाजिटिव हो गए थे। उन्होंने खुद वीडियो जारी कर लोगों से अपने संपर्क में आने वालों को कोरोना टेस्ट करवाने की सलाह दी थी। माना जा रहा है कि जिस मंत्रिमंडल की बैठक में अरविंद भदौरिया शामिल थे, उसी बैठक से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पाजिटिव हो गए हैं। इनके अलावा बाकी मंत्रियों को भी कोरोना का खतरा लग रहा है।

खबरें और भी हैं...