
दिल्ली में भारी बारिश की वजह से जगह-जगह भीषण जलजमाव हो गया। एक नाले के पास मौजूद लगभग 10 झुग्गियाँ बह गईं। हादसा आईटीओ स्थित अन्ना नगर में हुआ। नाले के पास 10 झुग्गियाँ मौजूद थीं जो बारिश के तेज बहाव में बह गईं।
इन झुग्गियों के नज़दीक ही WHO के मुख्यालय का निर्माण हो रहा है। ठीक इसी जगह पर जलभराव भी हुआ था। जिसकी वजह से वहाँ स्थित नाले में ओवरफ्लो हुआ और यह इतना बड़ा हादसा हो गया। उस इलाके में स्थित तमाम घरों में अभी तक पानी भरा हुआ है।
घटना के वीडियो में कई लोग चीखते चिल्लाते हुए नज़र आ रहे हैं। वह कह रहे हैं कि घरों को जल्दी से खाली कर दो, जल्दी निकलो। बारिश के इस बहाव में झुग्गियाँ बह जाने के बाद भी लोग चीखते हुए सुने जा सकते हैं। कई लोगों का कहना है कि बारिश में उनका लगभग सब कुछ बह गया है।
इसके कुछ ही समय पहले ख़बर आई थी कि बारिश का असर मिंटो ब्रिज पर भी हुआ है। इस ब्रिज के नीचे इतना पानी भर गया कि एकऑटो ड्राइवर फँस गया। बाद में उसकी मौत हो गई। मिंटो रोड पर एक और हादसा हुआ था जिसमें जलभराव की वजह से डीटीसी बस फँस गई थीl हालांकि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और चालक भी भी सुरक्षित रूप से निकाल लिया गया थाl इसके अलावा दिल्ली के अन्य इलाकों से भी जलभराव की ख़बरें सामने आई थीं। इन ऐसी ख़बरें राजधानी में बारिश का सामना करने के लिए सारी सरकारी तैयारियों की पोल खोलती हैं।















