
भास्कर न्यूज, मीरजापुर। चुनार तहसील क्षेत्र के खानपुर में मैं ब्राह्मण हूँ के बैनर तले आयोजित श्रद्धांजलि
सभा में राम भक्त रिंकू शर्मा को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई । इस मौके पर वक्ताओं ने सामान्य परिवार में जन्मे रिंकू के परिवार को आर्थिक मदद के लिए एक करोड़ की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की गई ।
मोमबत्ती प्रज्ज्वलन कर मृतक की आत्मा के शान्ति के लिए प्रार्थना किया गया । श्रद्धांजलि सभा में भगवान श्रीराम के काज में अपनी जान न्योछावर करने वाले रिंकू के परिजनों को आत्म बल देने की प्रार्थना करते हुए संस्था के अजीत त्रिपाठी ने कहा कि यह रामकाज में जुटे लोगों के लिए अराजक तत्वों की एक चुनौती है । इसके साथ ही देश की राजधानी में बवाल करने की हिमाकत करने वालों की निन्दा करते हुए कहा कि यह कानून को ठेंगा दिखाने के साथ ही दिल्ली सरकार के मुंह पर तमाचा है । समाज में जहर घोलने वाले किसी भी व्यक्ति को माफ नहीं किया जायेगा ।
अनुराग पांडेय ने कहा कि जीवन के अंतिम पल में भी जय श्री राम का जयघोष कर उसने भगवान के पावन चरणों में शरण पा लिया । अब सरकार के नाम पर रक्षा का दावा करने वाली सरकार का काम दोषियों को जल्द से जल्द सजा देना है ।
सत्यप्रकाश मिश्र ने समाज में अराजकता फैलाने के साथ ही मनबढ़ लोगों का मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने और रिंकू के परिवार को तत्काल आर्थिक मदद दिए जाने की मांग की । प्रियेश दूबे ने कहा कि दिल्ली सरकार अगर न्याय के साथ खड़ी होती और उसका हनक होता तो आज रिंकू जिंदा होता । घर में घुसकर मारपीट करने की जुर्रत न की गई होती ।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के लोगों को फर्जी मामलों में फसाने, उनकी हत्या तथा सरकार और राजनीतिक नेताओ की उदासीनता पर चिंता व्यक्त किया गया । सभा में मनोज शुक्ल, राहुल पांडेय, विनय तिवारी, संतोष कुमार एवं विशाल आदि ने शोक संवेदना व्यक्त किया । संचालन अजित त्रिपाठी ने किया ।













