
कोरोना के दौर में भी बिहार के अस्पतालों की बदहाली किसी से छिपी नहीं है. चाहे बात राज्य की राजधानी पटना की ही क्यों न हो. जहां एक ओर केंद्रीय टीम पटना के दौरे पर थी, वहीं बिहार सरकार के सबसे बड़े कोविड अस्पताल नालंदा मेडिकल कॉलेज के वार्ड से एक और वीडियो सामने आया है. इसमें एक मृत व्यक्ति का शव रविवार से ही बेड पर रखा हुआ है और आस-पास मौजूद मरीज इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि आखिर अस्पताल प्रशासन इसे वार्ड से कब हटाएगा.
ये कोई पहली बार नहीं है कि ऐसा वीडियो सामने आया है. इससे पहले भी इसी अस्पताल के ICU से ऐसे वीडियो सामने आए थे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि वो जल्दबाज़ी में शवों को इसलिए नहीं हटा सकता क्योंकि उसे न केवल परिवार वालों का इंतज़ार करना होता है, साथ-साथ जिला प्रशासन से अंत्योष्टि का समय भी लेना पड़ता है.
जिला प्रशासन के ऊपर अंत्येष्टि का जिम्मा है और इसके कर्मचारी शाम से पहले इसलिए नहीं आते, क्योंकि पटना के पास घाट पर सूर्यास्त के बाद ही अंत्येष्टि की जाती है ताकी स्थानीय लोगों का विरोध न झेलना पड़े.















