अलीगढ़ में हाईवोल्टेज ड्रामा : भाजपा विधायक को पुलिस ने थाने में पीटा, कपड़े फाड़े, कार्यकर्ताओं ने थाना घेरा

उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ जिले के गोंडा थाने में बुधवार को इगलास विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक और थानाध्यक्ष के बीच विवाद हो गया। विधायक का आरोप है कि थानाध्यक्ष ने अपने दो दारोगाओं के साथ मिलकर उनके कपड़े फाड़ दिए और मारपीट की। फिलहाल, भाजपा के काफी कार्यकर्ता थाने में इकट्ठा हो गए थे। वे आरोपी पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। घटना की जानकारी लखनऊ तक पहुंचते ही शासन ने पूरे मामले में एएसपी ग्रामीण को वहां से हटा दिया है जबकि थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया हे। शासन ने पूरे मामले की रिपोर्ट आईजी जोन से तलब की है। वह कल तक शासन को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।

यह है मामला
अलीगढ़ के इग्लास विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजकुमार ने विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यकर्ता के लिए इंसाफ की बात करने थाने गए थे, लेकिन आरोप-प्रत्यारोप के बीच थानाध्यक्ष अनुज सैनी और विधायक के बीच विवाद ज्यादा बढ़ गया। विधायक का आरोप है कि पुलिस ने उनके कपड़े फाड़ते हुए मारपीट कर दी।

गोंडा थाना क्षेत्र के रहने वाले विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यकर्ता रोहित वार्ष्णेय के साथ दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इस मामले में थानाध्यक्ष गोंडा ने विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। इस बात की जानकारी जब विधायक राजकुमार सहयोगी को हुई तो वह थाना गोंडा में बात करने के लिए पहुंच गए।

विधायक ने पुलिस पर लगाया पैसा लेकर काम करने का आरोप
विधायक गोंडा थाने की पुलिस पर लगातार पैसा लेकर कार्य करने का आरोप लगाते रहे। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया। विधायक का आरोप है कि एसओ ने अपने साथियों के साथ मिलकर विधायक के साथ मारपीट कर दी। विधायक के कपड़े फाड़ दिए। इसमें एसओ अनुज के साथ दो दरोगा विवेक व देवेंद्र है।

पुलिस ने हमारे साथ मारपीट की: विधायक

विधायक का कहना है कि पुलिस ने हमारे साथ मारपीट की है। हम चाहते हैं पूरे मामले पर कार्रवाई हो। उधर ,विधायक के साथ मारपीट के बाद थाने में बीजेपी के कार्यकर्ता इकट्ठे हो गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मौके पर सांसद, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक अपराध पहुंच गए है। सांसद सतीश गौतम ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने जांच की बात कही है।

देखे VIDEO

https://youtu.be/sPp8SBArKlk

खबरें और भी हैं...