
पाटन(भास्कर)। भू-माफियाओं के हौसलें दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे है शहर के जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान पर भू-माफियाओं के कब्जे का मामला अभी सुलझा नही कि दूसरा मामला बीघापुर तहसील से सामने आ गया। जहां माफियाओं ने सुरक्षित भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया। स्थानीय प्रशासनिक जिम्मेदारों की लचर कार्यप्रणाली इसकी अहम वजह बताई जा रही है। तहसील क्षेत्र में विभागीय सांठगांठ कर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जेदारी का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
ताजा मामला सुमेरपुर ब्लॉक के वाजिदपुर गांव का है। जहां प्राथमिक स्कूल की सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा कर गत दिनों निर्माण कर लिया गया था। विद्यालय में तैनात प्रधान शिक्षिका व प्रबंध समिति ने इसकी लिखित शिकायत तहसील प्रशासन से की थी। किंतु जिम्मेदारों ने कई माह बाद भी भूमि को कब्जा मुक्त कराने की जहमत नहीं उठाई। ग्रामिणों की मानें तो मामला तहसील प्रशासन के संज्ञान में जाने के बाद तत्काल में तो निर्माण कार्य रुकवा दिया गया था। किंतु कब्जा कर रहे लोगों ने कुछ दिनों बाद ही सुरक्षित भू-भाग पर मजबूत दीवारें खड़ी कर छत डाल दी। मामले को लेकर ग्रामीण राजस्व अमले पर सांठगांठ का आरोप लगा रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम बीघापुर दयाशंकर पाठक व तहसीलदार से बात करने का प्रयास किया गया किंतु दोनों अधिकारियों के सीयूजी नंबर नेटवर्क कवरेज क्षेत्र से बाहर बताते रहे। ग्रामिणों ने स्कूल की सुरक्षित भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने की मांग जिलाधिकारी से की है।













