महात्मा ज्योतिबा गोविंदराव फूले व डॉ बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती बनेगी कोरोना की ढाल

11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक पूरे देश मे चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान
सम्मानित जन प्रतिनिधि , धर्मगुरु व प्रबुद्ध नागरिक अभियान को देंगे धार

बहराइच l वैज्ञानिकों द्वारा देश में बनाई हुई कोविड-19 की वैक्सीन की भूमिका कोरोना की लड़ाई में निर्णायक सिद्ध हो रही है। यही कारण है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर को देखते हुये इस लड़ाई में सम्मानित जन प्रतिनिधि , धर्मगुरु व प्रबुद्ध नागरिकों की मदद लेकर विशेष कोविड टीकाकरण उत्सव मनाया जाएगा । इसकी शुरुआत 11 अप्रैल महात्मा ज्योतिबा गोविंदराव फूले से लेकर 14 अप्रैल डॉ बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती तक पूरे देश में कोविड-19 का विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा । उक्त जानकारी देते हुये जिला अधिकारी शंभु कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी से लड़ाई के लिए प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक स्तर पर व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं । इसी क्रम में 11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए समाज के विभिन्न वर्गों से समन्वय कर 45 साल या उससे अधिक आयु वर्ग के सभी जन सामान्य को अधिक से अधिक कोविड टीकाकरण हेतु प्रेरित करने का अभियान चलाया जाएगा ।


महामारी की लड़ाई में लोगों से अपील
जिलाधिकारी शंभु कुमार ने जनपद के सभी प्रबुद्ध नागरिक, सम्मानित जन प्रतिनिधि व धर्मगुरुओं से अपील किया कि कोरोना की दूसरी लहर से बचने के लिए हम सब को आगे बढ़कर प्रयास करना होगा । इसके लिए 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी जन सामान्य को अधिक से अधिक टीकाकरण हेतु प्रेरित कर हम इस वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई में अपना योगदान दे सकते हैं ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश मोहन श्रीवास्तव ने लोगों से अपील किया जनपद में कोविड संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग जरूर करें , लोगों से 2 फिट की शारीरिक दूरी बनाए रखने के साथ हाथों को साबुन पानी से अवश्य धुलें । अपने व अपने परिवार का ख्याल रखें ।

उप जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि विशेष टीकाकरण अभियान के दौरान 12 अप्रैल शाम 5 बजे माननीय श्री राज्यपाल व सूबे के मुखिया विभिन्न नगरीय संस्थाओं के जन प्रतिनिधियों को वेब वार्ता के माध्यम से संबोधित करेंगे इसके अलावा 13 अप्रैल शाम 5 बजे विभिन्न धर्म गुरुओं के साथ वेब वार्ता का भी आयोजन भी किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...