
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोरोना के पॉजिटिव केस मिलने के सभी रिकॉर्ड दिनोंदिन टूट रहे हैं। शनिवार को यहां 429 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके साथ लखनऊ में अब कोरोना मरीजों की संख्या 5730 हो गई है। जबकि 73 लोगों की वायरस से मौत हो चुकी है। लगातार लापरवाही और शिकायत के चलते सीएमओ लखनऊ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल को हटा दिया गया है। वहीं, प्रदेश में शनिवार को 2984 नए केस मिले।
लखनऊ में 482 मरीज हुए डिस्चार्ज
लखनऊ में 482 मरीजों को डिस्चार्ज भी किया गया। अब तक 2443 मरीज डिस्चार्ज हो गए और 3337 एक्टिव केस हैं। इधर, राजधानी में कोरोना मरीजों की संख्या और सुविधाएं न मिलने की शिकायतों के बाद शासन ने सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल को हटा दिया गया। महानगर के सिविल हॉस्पिटल सीएमएस डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. अग्रवाल को लोकबंधु अस्पताल में तैनात किया गया है। इसके अलावा डाॅ. मधु सक्सेना को निदेशक सिविल अस्पताल बनाया गया। लोहिया हॉस्पिटल के बाद सिविल अस्पताल का भी प्रभार महिला डाॅक्टर को सौंपा गया।
राजधानी में वर्तमान में सबसे ज्यादा संक्रमण की चपेट में इंदिरानगर, गाजीपुर, आशियाना, गोमतीनगर क्षेत्र हैं। यहां लगातार एंटीजन टेस्टिंग असैा सैंपल संग्रह का काम जारी है। इसके अलावा दफ्तरों के कर्मी भी वायरस की चपेट में आ रहे हैं। महानगर, पारा, सीतापुर रोड, रायबरेली रोड, कानपुर रोड, हरदोई रोड पर भी कई मरीज कोरोना के मिले हैं। वहीं, अस्पतालों में इलाज के दरम्यान आठ मरीजों की मौत हो गई। इसमें एक बहराइच और एक सिरसिया गोरखपुर निवासी 78 वर्षीय पुरुष हैं। छह लखनऊ निवासी मरीज हैं। इसमें 63 वर्षीय पारा रोड सागर विहार कॉलोनी निवासी महिला, कैसर बाग की 57 वर्षीय महिला, 54 वर्षीय आलमनगर निवासी पुरुष शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को 97 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इनमें प्रतापगढ़ निवासी 22 वर्षीय युवक, इंदिरा नगर के 42 वर्षीय और एक 40 वर्षीय कैसर बाग निवासी शामिल है। बीते शुक्रवार को कोरोना से आठ और लोगों की मौत हो गई। इसमें लखनऊ के छह लोग शामिल है। एक बहराइच का और एक गोरखपुर निवासी हैं।
यूपी में पिछले 24 घंटों में 39 लोगों की हुई मौत
नए केसों के मामले में राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के टॉप-10 जनपदों की बात करें तो लखनऊ ऐसा जनपद है जहां बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 429 नए केस सामने आए, वहीं प्रदेश में 4 जनपद ऐसे और हैं जहां बीते 24 घंटे में नए केसों की संख्या 100 से भी ज्यादा है। बीते 24 घंटे में बलिया में 174, कानपुर नगर में 171, वाराणसी में 164, बरेली में 163, गाजियाबाद में 101, गोरखपुर में 93, गौतमबुद्धनगर में 85, प्रयागराज में 82, आजमगढ़ में 74 व जौनपुर में 61 नए केस सामने आए हैं।
अभी तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 39903 कोरोना पेशेंट स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, बीते 24 घंटों में विभिन्न जनपदों से 2191 कोरोना पेशेंट्स को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है, पूरे प्रदेश में अब तक कोरोना से 1387 लोगों की दुःखद मौत भी हो चुकी है। बीते 24 घंटों में उत्तरप्रदेश में कोरोना से 39 लोगों की मौत हुई है।











