New Delhi : युवक को मारने की साजिश नाकाम, सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल समेत तीन गिरफ्तार

  New Delhi : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में एक ही युवक पर दो बार जानलेवा फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक की हत्या की साजिश रची और उसके घर के बाहर दो अलग-अलग दिनों में फायरिंग की थी। उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 8 जुलाई को रवि प्रकाश पर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद न्यू उस्मानपुर थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पहली घटना में रवि प्रकाश बाल-बाल बच गया। इसके बाद 11 जुलाई को आरोपियों ने दोबारा उसके घर के बाहर पहुंचकर फायरिंग की। इस बार गोली उसके घुटने के नीचे पैर में लगी, जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गया। दूसरी घटना के बाद एक और एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर कन्हैया लाल यादव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन (24), शेखर उर्फ अपराधी (22) और कृष्णा उर्फ किस्सू (23) के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि कुछ समय पहले रवि प्रकाश से उनका विवाद हुआ था। उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए उन्होंने युवक की हत्या की योजना बनाई और दो बार उसके घर के बाहर पहुंचकर उस पर गोलियां चलाईं। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में तीनों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस बरामद हथियार के स्रोत, उसके सप्लायर और आरोपियों की अन्य आपराधिक मामलों में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।  

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha