
भास्कर समाचार सेवा
साहिबाबाद।थाना टीला मोड़ पुलिस ने एक चार साल की बच्ची की हत्या का राज सुलझाते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है ।बच्ची की हत्या उसके साथ दुराचार के बाद की गई थी। दुराचारी हत्यारा कोई और नहीं बल्कि बच्ची का दत्तक पिता निकला।पुलिस ने दत्तक पिता और उसके एक साथी को इस मामले में गिरफ्तार किया है।

डीसीपी विवेक ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 11 मार्च को लापता एक चार साल की बच्ची का शव अगले दिन पंचशील कॉलोनी स्थित झाड़ियों से बरामद किया गया था।
चार साल की मासूम बच्ची का पिता की अधिक शराब पीने के कारण मौत हो गई थी और उसकी मां मानसिक रूप से विक्षिप्त हो जाने के कारण उसे छोड़कर चली गई थी। तब उसका लालन-पालन फोटोग्राफी का काम करने वाला डिफेंस कॉलोनी भोपुरा निवासी अजय भाटी पुत्र कमर पाल भाटी कर रहा था। अजय पाल भाटी ने थाना टीला मोड़ पुलिस में इस बच्ची के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और उसने उसे तलाशने का नाटक किया। लेकिन पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसी टीवी की फुटेज की जांच करने और उसके घर की तलाशी लेने के दौरान मिले खून के धब्बों से आरोपी पकड़ा गया।
अजय भाटी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह और उसकी पत्नी अंजना उर्फ संजना पिछले चार माह से बच्ची का लालन पालन कर रहे थे। तभी से अजय भाटी बच्ची के साथ शारीरिक शोषण कर रहा था। 11 मार्च को बच्ची ने यह बात अपनी मम्मी यानी अजय भाटी की पत्नी को बताने की कही थी। इससे नाराज अजय भाटी ने राज छुपाने के लिए बच्ची के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। इससे बच्ची के नाक से खून आने लगा। उसने राज छुपाने के उद्देश्य घर के पूजा स्थल के कमरे में उस बच्चे की नाक मुंह पर हाथ रखकर गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह बच्ची को गुम होने का नाटक करने लगा। बाद में उसने अपने दोस्त नीरज को बुलाकर स्कूटी से शव को प्लास्टिक के थैली में रखकर पंचशील कॉलोनी ले गया और जंगल में झाड़ियों के बीच फेंक दिया था।
थाना टीला मोड़ पुलिस ने अजय भाटी पुत्र कुमारपाल भाटी निवासी ग्राम चींती थाना सिकंदराबाद गौतम बुद्ध नगर तथा उसके मित्र नीरज पुत्र श्याम सिंह निवासी बेलपुरा जिला एटा हाल पता न्यू डिफेंस कॉलोनी खसरा नंबर 670 भोपुरा को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त की गई स्कूटी को बरामद कर लिया है।नीरज के खिलाफ पहले से ही दो अपराध महिलाओं से छेड़छाड़ संबंधी थाना टीला मोड में पंजीकृत हैं।














