
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कांग्रेस ने युवाओं और छात्रों को साधने के लिए बड़ा दांव चला है। शनिवार को प्रयागराज के केपी इंटर कॉलेज ग्राउंड में कांग्रेस पार्टी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रयागराज पहुंच रहे हैं। वह शाम को केपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस भव्य सम्मेलन में छात्रों और युवाओं को संबोधित करेंगे।
शाम 5 बजे शुरू होगा कार्यक्रम, 6 बजे पहुंचेंगे राहुल
तय कार्यक्रम के अनुसार, यह आयोजन शाम 5 बजे शुरू होगा। राहुल गांधी शाम 6 से 7 बजे के बीच मंच पर पहुंचेंगे और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि राहुल गांधी अपने संबोधन में नीट (NEET) पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, भर्तियों में हो रही देरी और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। इससे पहले भी वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलनों का समर्थन करते दिखे थे।
1.78 लाख छात्रों का रजिस्ट्रेशन, 250 जगहों पर होगी लाइव स्ट्रीमिंग
यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस के इस आयोजन को युवाओं को जोड़ने की दिशा में एक बड़ा राजनीतिक कदम माना जा रहा है। राहुल गांधी ने कार्यक्रम से पहले एक वीडियो संदेश जारी कर युवाओं के भविष्य और बेरोजगारी पर गंभीर चर्चा करने की बात कही थी। कांग्रेस का दावा है कि इस कार्यक्रम के लिए रिकॉर्ड 1.78 लाख छात्रों ने अपना पंजीकरण कराया है। युवाओं तक व्यापक पहुंच बनाने के लिए पूरे राज्य में 250 से अधिक स्थानों पर इस कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है।
सख्त शर्तों और अंडरटेकिंग के बाद मिली मंजूरी
इस कार्यक्रम की अनुमति को लेकर काफी समय तक संशय बना हुआ था। पहले कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) ने अनुमति रद्द कर दी थी। हालांकि, यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन (अंडरटेकिंग) के बाद निरस्तीकरण आदेश को वापस ले लिया गया। अजय राय ने केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह को पत्र सौंपकर आश्वस्त किया कि मैदान की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और खेल गतिविधियों में कोई बाधा नहीं आएगी।
हाईकोर्ट के आदेशों का करना होगा पालन
कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अपने वचन पत्र में स्पष्ट किया है कि यह आयोजन पूरी तरह से गैर-व्यावसायिक है। इसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा वर्ष 2025 में पारित आदेशों और जिला प्रशासन के नियमों का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा। यदि आयोजन के दौरान मैदान या स्कूल परिसर को कोई नुकसान पहुंचता है, तो उसकी मरम्मत का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी वहन करेगी। इस लिखित गारंटी के बाद केपी ट्रस्ट ने 5 अगस्त का अपना निरस्तीकरण आदेश रद्द कर कार्यक्रम की अनुमति प्रदान की।












