यूपी : रेलवे पटरी टूटने से मचा हड़कंप, गेटमैन की सक्रियता से टला बड़ा हादसा 

जौनपुर । शाहगंज रेलवे स्टेशन से लगभग 200 मीटर आगे रेलवे पटरी टूटने के कारण मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा गेट मैन की सूझबूझ के कारण टल गया। देहरादून से हावड़ा जा रही देहरादून हावड़ा एक्सप्रेस जैसे ही स्टेशन से आगे बढ़ी कि गेट मैन द्वारा पटरी टूटने की सूचना देने से रेल महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ट्रेन को रोका गया।
वाराणसी फैजाबाद रेल मार्ग पर शाहगंज से बेलवाई स्टेशन के बीच गोड़िला फाटक के पास मंगलवार की सुबह टूटी मिली रेल पटरी को समय रहते गेटमैन चंद्रशेखर ने देख लिया और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद तत्काल स्टेशन अधीक्षक द्वारा ट्रेन रुकवायी गई। हालांकि तब तक देहरादून एक्सप्रेस बेलवाई स्टेशन से आगे के लिए रवाना हो चुकी थी। आनन फानन में रेलवे पथ निरीक्षक के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और टूटी रेलवे पटरी को ठीक करा कर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इससे पूर्व भी दो बार शाहगंज स्टेशन व चिरैया मोड़ गेट के पास पटरी टूटी मिल चुकी है।
गेटमैन चंद्रशेखर ने बताया कि किसी गांव वाले ने उसको सूचना दी। इस पर वह दौड़कर घटनास्थल पर गया और सूचना दी। ट्रेन लगभग 1 घंटे 10 मिनट तक वह खड़ी रही। मौके पर आए अधिकारियों द्वारा बेहद धीमी गति से ट्रेन को आगे बढ़वाया गया।
रेलवे पटरी टूटने जाने के संबंध में आरपीएफ इंचार्ज संदीप कुमार यादव ने बताया कि गेटमैन चंद्रशेखर ने सूचना दी थी। आरपीएफ के सिपाही वहां गए और उन्होंने टूटी पटरी को देखा। इसके बाद तत्काल ट्रेन को रुकवाया गया। लगभग एक घंटे तक ट्रेन रुकी रही। इसके बाद पी.डब्लू.आई के अधिकारी आए और मरम्मत करके ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। इससे पूर्व भी ट्रैक टूट जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि ठंड का मौसम है। पटरी टूटने का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा। इसके लिए उच्च अधिकारियों द्वारा रात को भी आदमी लगाए जाने की बात कही जा रही है। 

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha