

सीतापुर में जिला प्रशासन के अफसरों की संवेदनहीनता का वीडियो सामने आया है। इसमें नजर आ रहा है कि जिले के DM और SP का काफिला जहांगीराबाद चौराहे से निकल रहा है। इसी दौरान सामने से एक ई-रिक्शा आता है, लेकिन काफिले को देखकर बचने की कोशिश में पलट जाता है। इससे ई-रिक्शा में बैठी कई सवारियां नीचे दब जाती हैं। यह सबकुछ अपनी गाड़ी में बैठे DM और SP भी देखते हैं। बावजूद इसके किसी अधिकारी ने रुकने की जरूरत नहीं समझी और काफिला फर्राटे भरते हुए वहां से निकल गया।

लगातार हो रही बारिश से जहांगीराबाद इलाके के सड़कों पर पानी भर गया है। सड़कों में गड्ढे होने की वजह से जलभराव भी हो गया है। सोमवार को DM अनुज सिंह और SP घुले सुशील चंद्रभान अपने काफिले के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने निकले थे। DM-SP दौरा कर लौट रहे थे। सड़क से गुजर रहे अफसरों के काफिले को जगह देने के लिए चालक ने ई-रिक्शा बाईं तरफ मोड़ दिया। लेकिन गड्ढे के कारण ई-रिक्शा पलट गया।
DM के काफिले के सामने पानी के बड़े-बड़े गड्ढों में फंसकर ई- रिक्शा पलट गया, जिसके नीचे कई सवारियां दब गईं. आसपास के लोग दौड़े और सबको बचाने पहुंचे, लेकिन काफिले में से एक अधिकारी ने उतरकर सुध तक नहीं ली.
— Abhishek Kumar (ABP News) (@pixelsabhi) October 11, 2022
वायरल वीडियो यूपी के सीतापुर का बताया जा रहा है. pic.twitter.com/ySNIkBF2U3
डीएम बोले- हमारे निकलने के बाद हुआ हादसा
वीडियो सामने आने के बाद DM ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी गाड़ी निकलने के बाद यह हादसा हुआ है। अगर, उन्हें जानकारी मिलती तो वह जरूर रुकते।
वीडियो में दिख रहा है कि जब ई-रिक्शा पलटा तो वहां से काफिले की गाड़ियां गुजर रही थीं, लेकिन किसी भी अफसर ने गाड़ी को रोककर मदद की कोशिश नहीं की। वहीं, आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत ई-रिक्शे के नीचे आए लोगों को बाहर निकाला। हादसे में ई-रिक्शे में बैठे लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनके कपड़े खराब हो गए।
सीएम का आदेश-15 नवंबर तक गड्ढा-मुक्त करें सड़कें
इससे पहले 7 अक्टूबर को सीएम योगी ने सड़कों में गड्ढों को लेकर बैठक की। इस दौरान सीएम ने गड्डा-मुक्ति के लिए डेडलाइन तय की थी। सीएम ने कहा था कि हर हाल में 15 नवंबर तक सड़कें गड्ढा-मुक्त हो जानी चाहिए। सीएम ने इसके लिए जल्द से जल्द गड्ढा-मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश भी दिए थे।













