
लखनऊ
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 4583 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 54 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 2230 हो गई है। प्रदेश में बुधवार शाम तक कुल ऐक्टिव केस 49,347 हो गए हैं। अब तक 84,661 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के अब तक 1,36,238 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा सात मौतें राजधानी लखनऊ में हुईं। कानपुर नगर में छह, गोरखपुर में पांच और बरेली में चार लोगों की मौत हुई है। कोरोना के सबसे ज्यादा 475 नए मामले लखनऊ में सामने आए हैं। बस्ती में 306, कानपुर नगर में 232, प्रयागराज में 227 और गोरखपुर में 224 नए मामले सामने आए हैं।
कानपुर में अब तक सबसे ज्यादा 284 मौतें
बता दें कि कोरोना संक्रमण की वजह से अब तक सबसे ज्यादा 284 मौतें कानपुर नगर में हुई हैं। इसके बाद लखनऊ में 168, मेरठ में 119, वाराणसी में 110 और आगरा में 102 लोगों की मौत इस वायरस से हो चुकी है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को 97,911 सैंपलों की जांच की गई और अब तक कुल 34,12,346 सैंपलों की जांच हो चुकी है। उत्तर प्रदेश पहला ऐसा राज्य है जो हर दिन सबसे ज्यादा टेस्टिंग कर रहा है।
अब तक 39,678 लोग भेजे गए होम आइसोलेशन में
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल ऐक्टिव केसों में से 21,758 लोग होम आइसोलेशन में हैं। ये लोग असिम्टोमैटिक हैं और घर पर रहकर ही इलाज करवा रहे हैं। प्रसाद ने बताया कि 39,678 लोग अब तक होम आइसोलेशन में भेजे जा चुके हैं जबकि 17,920 लोग होम आइसोलेशन में रहते हुए ठीक हो चुके हैं।













